मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ग्वालियर में लाडली बहना सम्मेलन में देंगे बड़ी सौगात, 1.25 करोड़ महिलाओं के खातों में 1836 करोड़ रुपये होंगे अंतरित,

भोपाल/ग्वालियर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को ग्वालियर जिले के घाटीगांव स्थित शबरी माता मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले लाडली बहना सम्मेलन में प्रदेश की महिलाओं को बड़ी सौगात देंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख से अधिक पात्र महिलाओं के बैंक खातों में मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना की 34वीं किस्त के रूप में 1836 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित करेंगे।प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है। इस योजना के माध्यम से प्रदेश की महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।लाडली बहना सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रदेश की महिलाओं को संबोधित करेंगे और विभिन्न विकास योजनाओं की जानकारी भी साझा करेंगे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगी और प्रदेश भर की महिलाओं के साथ वर्चुअल माध्यम से भी संवाद स्थापित किया जाएगा।गौरतलब है कि मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के अंतर्गत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। योजना की शुरुआत से ही इसका व्यापक सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला है, जिससे महिलाओं की आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है और वे अपने परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में अधिक सक्षम बन रही हैं।प्रदेश सरकार ने महिलाओं की आर्थिक स्थिति को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से नवंबर 2025 से योजना के अंतर्गत मिलने वाली मासिक सहायता राशि में 250 रुपये की वृद्धि की है। इसके बाद अब पात्र महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। इस निर्णय से प्रदेश की लाखों महिलाओं को प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है और उनके जीवन स्तर में सुधार हो रहा है।लाडली बहना सम्मेलन का आयोजन शबरी माता मंदिर, घाटीगांव में किया जा रहा है, जहां बड़ी संख्या में महिलाएं, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी भी दी जाएगी।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रयासरत है और लाडली बहना योजना इसी दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बहनों की आर्थिक मजबूती से ही परिवार और समाज दोनों मजबूत होंगे। राज्य सरकार भविष्य में भी महिलाओं के हित में इसी प्रकार की योजनाएं संचालित करती रहेगी, ताकि उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *