मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्यांचल उत्सव-2026 को किया संबोधित,

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि स्वामी विवेकानंद की यह भविष्यवाणी कि 21वीं सदी भारत की होगी, आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में साकार होती स्पष्ट दिखाई दे रही है। भारत ने प्रत्येक वैश्विक मंच पर अपनी साख स्थापित की है और प्रधानमंत्री श्री मोदी आज विश्व के सबसे प्रभावशाली नेताओं में शामिल हैं। भारत विश्व का सबसे युवा लोकतांत्रिक देश है और प्रधानमंत्री श्री मोदी इस युवा लोकतंत्र का प्रभावी नेतृत्व करते हुए भारत को वैश्विक नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ा रहे हैं।मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के शंकरलाल सभागार में मध्यप्रदेश के अध्ययनरत छात्रों के संगठन मध्यांचल स्टूडेंट एसोसिएशन द्वारा आयोजित मध्यांचल उत्सव-2026 को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के कोने-कोने से आए युवा संगठित होकर दिल्ली में अध्ययन कर रहे हैं, यह प्रदेश के लिए गर्व और सौभाग्य का विषय है। इतनी बड़ी संख्या में युवाओं से संवाद ने उनकी दिल्ली यात्रा को वास्तव में सार्थक बना दिया है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश आज देश के सबसे कम बेरोजगारी वाले राज्यों में शामिल है। राज्य सरकार हर कदम पर युवाओं के साथ खड़ी है और युवाओं को सक्षम बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रदेश में निवेश, उद्योग और रोजगार के लिए सभी आवश्यक अनुकूलताएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार का लक्ष्य युवाओं को केवल रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजन करने वाला बनाना है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने युवाओं से आह्वान किया कि वे कृषि, टेक्नोलॉजी, चिकित्सा, स्टार्टअप और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे उभरते क्षेत्रों में आगे आएं और वैश्विक स्तर पर हो रहे नवाचारों में दक्षता हासिल करें। उन्होंने कहा कि यही युवा शक्ति प्रदेश और देश को सशक्त बनाने की आधारशिला है।राज्य की उपलब्धियों की जानकारी साझा करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि मध्यप्रदेश में सिंचाई के रकबे में लगातार वृद्धि हो रही है। आगामी पाँच वर्षों में राज्य के बजट को दोगुना करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि पीपीपी मॉडल के तहत प्रदेश में तेजी से मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं। सरकार का उद्देश्य नीट परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले छात्रों के माध्यम से प्रदेश में चिकित्सकों की संख्या बढ़ाना है, ताकि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि टेक्सटाइल उद्योग को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार विशेष प्रोत्साहन दे रही है। टेक्सटाइल उद्योग स्थापित करने पर प्रति श्रमिक प्रतिमाह 5 हजार रुपये की सहयोग राशि सरकार द्वारा दी जाएगी, जिससे बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। युवाओं को सहयोग देने के लिए राज्य सरकार की नीतियों में विशेष प्रावधान किए गए हैं।उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश आज बिजली सरप्लस स्टेट है और रिन्यूएबल एनर्जी के क्षेत्र में सबसे कम दर पर बिजली उपलब्ध करा रहा है। मात्र 2 रुपये 10 पैसे प्रति यूनिट की दर देश में सबसे कम है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह भी उल्लेख किया कि दिल्ली की मेट्रो मध्यप्रदेश की बिजली से संचालित हो रही है। राज्य में माइनिंग सेक्टर में तेजी से विकास हो रहा है और जैव विविधता के क्षेत्र में भी मध्यप्रदेश अग्रणी राज्य है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भोपाल के बड़े तालाब में शिकारे संचालन, फिल्म नीति और पर्यटन नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि इन नीतियों के माध्यम से निवेशकों और युवाओं को विशेष लाभ दिए जा रहे हैं। उन्होंने मध्यांचल स्टूडेंट एसोसिएशन को इस भव्य आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि छात्र इसी प्रकार संगठित होकर सकारात्मक कार्य करें और प्रदेश व देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाते रहें।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री श्याम टेलर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की प्रगति की गति दोगुनी हुई है। मां नर्मदा और बाबा महाकाल मध्यप्रदेश की पहचान हैं। दिल्ली में अध्ययनरत युवाओं द्वारा प्रदेश की कला, साहित्य, संस्कृति और सभ्यता के संगम के रूप में आयोजित मध्यांचल उत्सव एक सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के युवाओं की पहचान सदैव सहयोग और समरसता रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *