मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पूर्व मंत्री श्री गोपाल भार्गव से की सौजन्य भेंट, वैदिका फाउंडेशन के विशेष कक्ष का लोकार्पण,

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को पूर्व मंत्री श्री गोपाल भार्गव के स्वामी दयानंद नगर स्थित निवास स्थान पहुंचकर सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाल हृदय रोग से पीड़ित बच्चों के उपचार में सहायता के उद्देश्य से भार्गव परिवार द्वारा गठित वैदिका फाउंडेशन के विशेष कक्ष का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने इस पहल को मानव सेवा की दिशा में एक सराहनीय प्रयास बताया और समाज के लिए इसे एक प्रेरणादायक मॉडल के रूप में रेखांकित किया।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस दौरान श्री गोपाल भार्गव द्वारा विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से प्रभावित जरूरतमंद नागरिकों के लिए संचालित सेवा कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि श्री भार्गव अनेक वर्षों से सेवा के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रहे हैं। पीड़ितों और असहाय लोगों की सहायता करना एक पावन और पुण्य का कार्य है, जिसे वे पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ आगे बढ़ा रहे हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि सागर जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से गंभीर रोगों से ग्रस्त अनेक मरीज उपचार के लिए राजधानी भोपाल आते हैं। ऐसे मरीजों और उनके परिजनों को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की चिंता श्री गोपाल भार्गव लंबे समय से करते आ रहे हैं। इसी उद्देश्य से एंबुलेंस सेवा और लगभग 70 बेड की व्यवस्था विकसित की गई है, जिससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर उपचार मिल सके।डॉ. यादव ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि गंभीर रोगों से पीड़ित मरीजों के साथ आने वाले परिजनों के लिए भोजन और आवास की समुचित व्यवस्था की गई है। यह पहल न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाती है, बल्कि मरीजों और उनके परिवारों को मानसिक संबल भी प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की व्यवस्थाएं समाज में सेवा और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करती हैं।इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उपचार के लिए भोपाल आए कुछ नागरिकों से भी भेंट की और उनका हालचाल जाना। उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से संवाद कर उपचार संबंधी अनुभवों की जानकारी ली तथा उन्हें हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

पूर्व मंत्री श्री गोपाल भार्गव के निवास पर एक सुसज्जित बाल भवन भी विकसित किया गया है, जहां बच्चों के लिए सुरक्षित और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया गया है। मुख्यमंत्री ने इस बाल भवन के कक्षों, रहवास व्यवस्था तथा रसोई का अवलोकन किया और इन सुविधाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों के उपचार के साथ-साथ उनके मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी अत्यंत आवश्यक है, और यह प्रयास उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अंत में कहा कि समाज में ऐसे सेवा कार्यों की आवश्यकता हमेशा रहेगी और जनप्रतिनिधियों व समाजसेवियों को मिलकर इस दिशा में कार्य करना चाहिए। उन्होंने वैदिका फाउंडेशन और श्री गोपाल भार्गव के सेवा प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *