मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से बोट लाइफस्टाइल के को-फाउंडर अमन गुप्ता की भेंट,

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से समत्व भवन, मुख्यमंत्री निवास में बोट लाइफस्टाइल, मुंबई के को-फाउंडर श्री अमन गुप्ता एवं अन्य पदाधिकारियों ने सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश में स्टार्टअप, निवेश और औद्योगिक विकास की व्यापक संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने श्री गुप्ता को जानकारी दी कि मध्यप्रदेश में नई स्टार्टअप पॉलिसी 2025 लागू की गई है, जो प्रदेश के युवाओं के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा युवा उद्यमिता को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है। वर्तमान में प्रदेश के स्टार्टअप इकोसिस्टम में 47 प्रतिशत स्टार्टअप महिला उद्यमियों द्वारा संचालित हैं, जो एक उल्लेखनीय उपलब्धि है। यह आंकड़ा राष्ट्रीय औसत से लगभग तीन गुना अधिक है, जो मध्यप्रदेश की प्रगतिशील नीतियों और सुरक्षित उद्यमी वातावरण को दर्शाता है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इंदौर–पीथमपुर क्षेत्र में विकसित किए जा रहे इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर के बारे में भी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि यह क्लस्टर इलेक्ट्रॉनिक्स और उपभोक्ता उत्पादों के निर्माण के लिए एक मजबूत आधार प्रदान करेगा और “मेक इन इंडिया” एवं “मेड इन इंडिया” पहल को गति देगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों में निवेश और उत्पादन की अपार संभावनाएं हैं। राज्य सरकार का लक्ष्य मध्यप्रदेश को देश के शीर्ष स्टार्टअप इकोसिस्टम में स्थापित करना है। वर्तमान में प्रदेश में 6 हजार से अधिक स्टार्टअप रजिस्टर्ड हैं और सरकार का उद्देश्य इस संख्या को आने वाले समय में दोगुना करना है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि प्रदेश के युवाओं को अनुभवी और सफल उद्यमियों का मार्गदर्शन मिलना चाहिए, ताकि वे नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में और आगे बढ़ सकें। इस दृष्टि से बोट लाइफस्टाइल जैसे प्रतिष्ठित ब्रांड के अनुभवी उद्यमियों का मार्गदर्शन प्रदेश के स्टार्टअप्स के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।बोट लाइफस्टाइल के को-फाउंडर श्री अमन गुप्ता ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को मध्यप्रदेश में निवेश करने और यहां के स्टार्टअप इकोसिस्टम को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के युवाओं में उन्हें अपार प्रतिभा नजर आती है। वे न केवल निवेश के अवसर तलाशेंगे, बल्कि मेंटरशिप प्रदान करने और युवा उद्यमिता से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी भी करेंगे।

श्री गुप्ता ने भोपाल में आयोजित स्टार्टअप एमपी – हैक एंड मेक 2026 हैकाथॉन में भागीदारी को सुखद अनुभव बताते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन नवाचार को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।उल्लेखनीय है कि बोट लाइफस्टाइल एक अग्रणी उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी है, जो ईयरफोन, हेडफोन, स्पीकर जैसे ऑडियो उत्पादों के निर्माण एवं विपणन के क्षेत्र में देश की प्रमुख कंपनियों में शामिल है। कंपनी द्वारा “मेड इन इंडिया” के तहत घरेलू उत्पादन के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।इस अवसर पर प्रमुख सचिव, औद्योगिक नीति एवं निवेश संवर्धन, श्री राघवेंद्र कुमार सिंह तथा मध्यप्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम के प्रबंध संचालक श्री चंद्रमौली शुक्ला भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *