मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार, 8 जनवरी को असम की राजधानी गुवाहाटी में आयोजित राष्ट्रीय वस्त्र मंत्रियों के सम्मेलन में सहभागिता करेंगे। इस दौरान वे वस्त्र उद्योग के विकास, निवेश, रोजगार सृजन और राज्यों के बीच सहयोगात्मक मॉडल पर होने वाले विचार-विमर्श में भाग लेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. यादव असम राज्य के साथ वन्यजीवों के आदान-प्रदान और ईको-टूरिज्म के क्षेत्र में सहयोग को लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चा करेंगे।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि मध्यप्रदेश और असम राज्य के बीच पूर्व में वन्यजीवों के आदान-प्रदान को लेकर सार्थक विचार-विमर्श हो चुका है। इस चर्चा के अंतर्गत मध्यप्रदेश में विलुप्त हो चुके जंगली भैंसों के पुनर्स्थापन तथा गैंडों को मध्यप्रदेश लाने पर सहमति बनी थी। इसके साथ ही असम के मुख्य वन्यजीव अभिरक्षण की मांग पर मध्यप्रदेश से बाघ एवं मगरमच्छ असम राज्य को स्थानांतरित करने पर भी सहमति व्यक्त की गई थी। इस संबंध में दोनों राज्यों द्वारा केन्द्र सरकार को अपने-अपने प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि आगामी समय में असम राज्य के साथ ईको-टूरिज्म एवं वन्यजीव पर्यटन के क्षेत्र में सहयोग और साझेदारी को और अधिक सशक्त किया जाएगा। इसी क्रम में 8 जनवरी को असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा के साथ इस विषय पर विस्तृत चर्चा होगी, जिससे दोनों राज्यों के बीच जैव-विविधता संरक्षण और पर्यटन विकास को नई दिशा मिलेगी।गुवाहाटी में आयोजित राष्ट्रीय वस्त्र मंत्रियों के सम्मेलन में केंद्रीय वस्त्र मंत्री श्री गिरिराज सिंह एवं असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा भी उपस्थित रहेंगे। सम्मेलन में कपड़ा उद्योग में निवेश को प्रोत्साहन, रोजगार के नए अवसरों का सृजन, नवाचार, कौशल विकास, आधुनिक मांग के अनुरूप वस्त्र उत्पादन तथा राज्यों के बीच सहयोगात्मक मॉडल पर व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा।

सम्मेलन का प्रमुख उद्देश्य देश के वस्त्र उद्योग के समग्र विकास और विस्तार को गति देना है। इसमें पारम्परिक हथकरघा और हस्तशिल्प से लेकर आधुनिक टेक्सटाइल, रेडीमेड गारमेंट्स, तकनीकी वस्त्र (टेक्निकल टेक्सटाइल) और निर्यात की संभावनाओं पर गहन मंथन होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव इस राष्ट्रीय मंच पर मध्यप्रदेश की वस्त्र उद्योग नीति, उद्योग-अनुकूल वातावरण, निवेश के अवसरों और राज्य में उपलब्ध संसाधनों को प्रस्तुत करेंगे। साथ ही विभिन्न राज्यों के अनुभवों के आदान-प्रदान के माध्यम से वस्त्र क्षेत्र में नई साझेदारियों का मार्ग प्रशस्त होगा।यह सम्मेलन ‘मेक इन इंडिया – मेक फॉर इंडिया’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसी राष्ट्रीय पहलों को और सशक्त बनानेकी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा, जिससे भारत का वस्त्र उद्योग वैश्विक स्तर पर अधिक प्रतिस्पर्धी बन सकेगा।सम्मेलन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ प्रमुख सचिव औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन श्री राघवेन्द्र कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव श्री आलोक कुमार सिंह तथा प्रबंध संचालक, मध्यप्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम श्री चंद्रमौली शुक्ला भी उपस्थित रहेंगे।