
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अखंड भारत के निर्माण में लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के अतुलनीय योगदान का स्मरण करते हुए कहा कि सरदार पटेल का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, दृढ़ संकल्प और राष्ट्रीय एकता की प्रेरणा देता है। वे आज जबलपुर के विजय नगर स्थित सरदार पटेल उद्यान में नगर निगम द्वारा स्थापित देश के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल की आदमकद प्रतिमा के अनावरण समारोह को संबोधित कर रहे थे।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने “सरदार पटेल अमर रहें” के गगनभेदी नारों के बीच प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह, सांसद श्री आशीष दुबे, महापौर श्री जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक डॉ. अभिलाष पांडे, विधायक श्री अशोक रोहाणी, विधायक श्री नीरज सिंह, क्षेत्रीय पार्षद श्री कमलेश अग्रवाल, नगर अध्यक्ष श्री रत्नेश सोनकर, ग्रामीण अध्यक्ष श्री राजकुमार पटेल तथा मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष श्री विनोद गोंटिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि सरदार पटेल की अदम्य इच्छाशक्ति के कारण ही आज़ादी के बाद देश की सैकड़ों रियासतों का भारत में सफल विलय संभव हो सका। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का योगदान केवल राजनीतिक नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण की नींव रखने वाला था। सोमनाथ मंदिर के जीर्णोद्धार तथा धारा 370 जैसे विषयों पर पंडित जवाहरलाल नेहरू से उनके मतभेद भी उनके दृढ़ राष्ट्रवादी दृष्टिकोण को दर्शाते हैं, जिन्हें सदैव स्मरण किया जाएगा।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गुजरात के केवडिया में सरदार पटेल की विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ के निर्माण के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रतिमा ने देशवासियों को सरदार पटेल के जीवन, संघर्ष और विचारों को जानने तथा उनसे प्रेरणा लेने का ऐतिहासिक अवसर प्रदान किया है।
मुख्यमंत्री ने सरदार पटेल की प्रतिमा के अनावरण के अवसर पर जबलपुर के समस्त नागरिकों एवं कुर्मी क्षत्रिय समाज को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने प्रतिमा स्थापना के लिए लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह, सांसद श्री आशीष दुबे, महापौर श्री जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक डॉ. अभिलाष पांडे एवं विधायक श्री अशोक रोहाणी के प्रयासों की सराहना की।समारोह के प्रारंभ में कुर्मी क्षत्रिय समाज के जिला अध्यक्ष श्री विवेक चौधरी, युवा संगठन के जिला अध्यक्ष श्री शैलेन्द्र पटेल, प्रदेश अध्यक्ष श्री सुरेश पटेल, महासचिव श्री ओमप्रकाश सचान, समन्वयक श्री रंजीत पटेल, श्री आशीष पटेल एवं श्री शिव पटेल द्वारा मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मनोरमा पटेल भी उपस्थित रहीं।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम के दौरान कुर्मी क्षत्रिय समाज द्वारा मुख्यमंत्री को राधा-कृष्ण की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया।