मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सतना में 650 बिस्तरीय नवीन चिकित्सालय भवन का किया भूमि-पूजन, स्वास्थ्य सुविधाओं को मिलेगी नई मजबूती,

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को सतना प्रवास के दौरान शासकीय मेडिकल कॉलेज परिसर में 383 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले 650 बिस्तरीय नवीन चिकित्सालय भवन का भूमि-पूजन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अस्पताल विंध्य क्षेत्र के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि साबित होगा। अस्पताल के निर्माण से सतना सहित आसपास के जिलों के नागरिकों को उच्चस्तरीय और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं अपने ही जिले में उपलब्ध होंगी।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नवीन चिकित्सालय भवन के निर्माण से शासकीय मेडिकल कॉलेज सतना के विद्यार्थियों को भी बड़ा लाभ मिलेगा। मेडिकल छात्रों को अब उपचार की प्रैक्टिस के लिए अन्य शहरों या बड़े मेडिकल संस्थानों में नहीं जाना पड़ेगा। मेडिकल कॉलेज परिसर के समीप ही 650 बिस्तरों वाला अत्याधुनिक अस्पताल उपलब्ध होने से शिक्षा और उपचार दोनों का समन्वय सशक्त होगा। इससे चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार आएगा।मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। जनसामान्य को सुलभ, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सतना में बनने वाला यह अस्पताल आधुनिक मशीनों, विशेषज्ञ डॉक्टरों और उन्नत सुविधाओं से युक्त होगा, जिससे गंभीर रोगों के इलाज के लिए लोगों को बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा।इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जिला अस्पताल सतना में बनने वाले 100 बिस्तरीय आधुनिक वार्ड एवं 50 बिस्तरीय क्रिटिकल केयर हेल्थ वार्ड का भी शिलान्यास किया। इस परियोजना पर 32 करोड़ 54 लाख रुपये की लागत आएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्रिटिकल केयर यूनिट के निर्माण से गंभीर मरीजों को त्वरित और बेहतर उपचार मिलेगा। आपातकालीन परिस्थितियों में यह वार्ड जीवन रक्षक सिद्ध होगा और जिला अस्पताल की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि करेगा।

मुख्यमंत्री ने सतना में 100 सीटर श्रमिक विश्राम गृह के शिलान्यास की भी घोषणा की। लगभग 6 करोड़ 16 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह विश्राम गृह श्रमिकों और मजदूरों के लिए सुविधाजनक आवास की व्यवस्था सुनिश्चित करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रमिक समाज की रीढ़ हैं और उनके लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार का दायित्व है। विश्राम गृह के निर्माण से श्रमिकों को सुरक्षित और सम्मानजनक ठहराव की सुविधा मिलेगी।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में संतुलित विकास की नीति पर काम कर रही है। प्रदेश में मेडिकल कॉलेज, अस्पताल, आयुष्मान भारत, क्रिटिकल केयर यूनिट और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के सुदृढ़ीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सतना जैसे क्षेत्रीय केंद्रों को मजबूत बनाकर आसपास के जिलों पर स्वास्थ्य सेवाओं का दबाव कम किया जाएगा।कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री एवं नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी, सतना सांसद श्री गणेश सिंह, चित्रकूट विधायक श्री सुरेन्द्र सिंह गहरवार सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा शासकीय मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. एस.पी. गर्ग, वरिष्ठ चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और बड़ी संख्या में नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।सभी अतिथियों ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सतना जिले में हो रहे स्वास्थ्य और आधारभूत विकास कार्यों की सराहना की और कहा कि ये परियोजनाएं आने वाले वर्षों में क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *