
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आगर मंडी प्रांगण में आयोजित भव्य सामूहिक विवाह समारोह में सात फेरों के पवित्र बंधन में बंधने वाले सभी 551 नवविवाहित जोड़ों को उज्ज्वल दांपत्य जीवन के लिए हार्दिक शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद प्रदान किए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ब्रिलिएंट कन्वेंशन सेंटर, इंदौर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस कार्यक्रम में सहभागिता की और नवदंपतियों को संबोधित किया।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विधायक श्री मधु गहलोत के पुत्र श्री मोहित सिंह गहलोत एवं उनकी पुत्रवधू को भी वैवाहिक जीवन में प्रवेश करने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विवाह केवल दो व्यक्तियों का नहीं, बल्कि दो परिवारों और समाज के बीच संस्कारों, मूल्यों और परंपराओं का सशक्त बंधन होता है। सामूहिक विवाह जैसे आयोजनों से सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिलता है तथा समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मूल मंत्र के अनुरूप इस प्रकार के सामूहिक विवाह कार्यक्रम उन अभिभावकों के लिए वरदान सिद्ध हो रहे हैं, जो सीमित संसाधनों के कारण अपनी बेटियों के विवाह को लेकर चिंतित रहते हैं। ऐसे आयोजन न केवल आर्थिक सहयोग प्रदान करते हैं, बल्कि सामाजिक बराबरी और सम्मान की भावना को भी सुदृढ़ करते हैं।मुख्यमंत्री ने यह जानकर विशेष प्रसन्नता व्यक्त की कि विधायक श्री मधु गहलोत अब तक लगभग 10 हजार बेटियों के विवाह में सहयोग कर चुके हैं। उन्होंने श्री गहलोत के इस सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि यह समाज के प्रति उनकी संवेदनशीलता और दायित्वबोध का परिचायक है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विधायक श्री मधु गहलोत के पुत्र श्री मोहित सिंह गहलोत से अपेक्षा जताई कि वे अपने पिता द्वारा किए जा रहे समाजसेवा के कार्यों को और अधिक विस्तार देंगे तथा जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस सफल आयोजन के लिए दादा नर्सिंग फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था द्वारा किया गया यह कार्य समाज के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि बाबा बैद्यनाथ की पावन धरती पर आयोजित यह मंगल आयोजन सामाजिक सहयोग, सेवा और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है।इस अवसर पर नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अंत में सभी नवदंपतियों के सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय भविष्य की कामना करते हुए कहा कि राज्य सरकार समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान और बेटियों के सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी इस प्रकार के जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को प्रोत्साहन देती रहेगी।