
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज उज्जैन जिले के ग्राम नलवा में स्थापित श्री गायत्री पेट्रोलियम–मोबिलिटी स्टेशन का मुख्यमंत्री निवास से वर्चुअली शुभारंभ किया। उन्होंने प्रतिष्ठान के संचालक श्री गोविंद सिंह आंजना को बधाई देते हुए कहा कि यह स्टेशन क्षेत्र की तेज़ी से बढ़ती विकास आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2028 के सिहंस्थ और उज्जैन–इंदौर–देवास को सम्मिलित करते हुए प्रस्तावित मेट्रोपॉलिटन एरिया विकास योजना से पश्चिमी मध्य प्रदेश का भविष्य नया आकार ले रहा है। उन्होंने कहा कि यह पूरे क्षेत्र की प्रगति का एक महत्वपूर्ण दौर है, जो आने वाले वर्षों में आर्थिक, सामाजिक और बुनियादी ढांचे के स्तर पर प्रदेश को नई ऊँचाइयों पर ले जाएगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि इस क्षेत्र में रोड नेटवर्क का विस्तार, औद्योगिक गतिविधियों की तेजी, लॉजिस्टिक सुविधाओं में वृद्धि तथा आधुनिक शहरी ढांचे के विकास ने नई संभावनाओं को जन्म दिया है। उन्होंने कहा कि विकास के इस व्यापक परिदृश्य में फ्यूल, मोबिलिटी और नई तकनीक का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। इन क्षेत्रों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और उपभोक्ता हित सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और इसी दृष्टिकोण से ऐसे प्रतिष्ठानों की उपयोगिता और बढ़ जाती है।डॉ. यादव ने विश्वास व्यक्त किया कि श्री गायत्री मोबिलिटी स्टेशन उच्च गुणवत्ता की सेवाओं, ईमानदारी और उपभोक्ता संतुष्टि की भावना के साथ संचालित होकर स्थानीय जनता के साथ-साथ आसपास के औद्योगिक व कृषि क्षेत्रों को भी सहयोग प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की सुविधाएँ ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में गतिशीलता बढ़ाकर आर्थिक गतिविधियों को नई गति देती हैं। यह स्टेशन किसानों, परिवहनकर्ताओं, यात्रियों और उद्योगों के लिए एक भरोसेमंद सहयोगी सिद्ध होगा।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि तेजी से बढ़ते ट्रैफिक, कृषि यंत्रीकरण, लघु उद्योगों के विस्तार और शहरों में बढ़ती कनेक्टिविटी के कारण फ्यूल और मोबिलिटी सेवाओं की उपयोगिता लगातार बढ़ रही है। ऐसे में आधुनिक तकनीक से लैस सेवा केंद्र स्थानीय विकास का आधार बनते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार भी ऊर्जा, परिवहन, सड़क निर्माण और औद्योगिक विकास से जुड़े प्रोजेक्ट्स को पूरी प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है।ग्राम नलवा में आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि, ग्रामीण नेतृत्व, किसान और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम स्थल पर पूरे हर्षोल्लास के साथ स्टेशन के शुभारंभ का स्वागत किया गया। उपस्थित नागरिकों ने बताया कि इस स्टेशन की शुरुआत से क्षेत्र को न केवल गुणवत्तापूर्ण ईंधन उपलब्ध होगा, बल्कि स्थानीय रोजगार और छोटे व्यवसायों को भी लाभ मिलेगा।कार्यक्रम के अंत में संचालक श्री गोविंद सिंह आंजना ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि वे प्रतिष्ठान को पूरी निष्ठा, गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ संचालित करेंगे।