मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव टीकमगढ़ में विवाह समारोह में हुए शामिल,

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को टीकमगढ़ जिले में आयोजित एक महत्वपूर्ण सामाजिक कार्यक्रम में शामिल हुए। वे जतारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री हरिशंकर खटीक की सुपुत्री के विवाह समारोह में सम्मिलित हुए। मुख्यमंत्री ने नवविवाहित दंपति को मंगलमय वैवाहिक जीवन, सुख-समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।विवाह समारोह में विधायक श्री हरिशंकर खटीक ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का विशेष स्वागत किया और अपने पारिवारिक आयोजन में समय निकालकर उपस्थित होने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में सौहार्दपूर्ण वातावरण और जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति उल्लेखनीय रही।इस अवसर पर मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण, विमुक्त घुमंतू एवं अर्द्ध-घुमंतू कल्याण विभाग की राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर भी मौजूद रहीं। इसके अलावा पूर्व विधायक टीकमगढ़ श्री राकेश गिरि गोस्वामी, पूर्व विधायक पृथ्वीपुर डॉ. शिशुपाल सिंह यादव, पुलिस महानिरीक्षक सागर जोन श्रीमती हिमानी खन्ना, कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय, पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी शामिल हुए।


टीकमगढ़ में मां की बगिया में कदंब का पौधा रोपा

मुख्यमंत्री ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

टीकमगढ़ प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार सुबह पर्यावरण संरक्षण को समर्पित “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने स्थानीय पुलिस लाइन परिसर स्थित मां की बगिया में कदंब का पौधा रोपकर नागरिकों को पर्यावरण-संवर्धन का संदेश दिया।कदंब का पौधा भारतीय संस्कृति, प्रकृति और लोक परंपरा में विशेष महत्व रखता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पेड़ लगाना केवल पर्यावरण रक्षा ही नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम भी है। उन्होंने इस अभियान में अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।पौधरोपण कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर, जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर, जतारा विधायक श्री हरिशंकर खटीक और पूर्व विधायक डॉ. शिशुपाल सिंह यादव सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।मुख्यमंत्री के इस प्रवास ने टीकमगढ़ जिले में सामाजिक सौहार्द, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी के संदेश को एक नई दिशा दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *