मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हैदराबाद स्थित ग्रीनको मुख्यालय का किया दौरा,

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को हरित ऊर्जा क्षेत्र में कार्यरत देश की अग्रणी कंपनी ग्रीनको के हैदराबाद स्थित मुख्यालय का दौरा किया। मुख्यमंत्री ने कंपनी की अत्याधुनिक तकनीक, ऊर्जा संरक्षण प्रणालियों और नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन से जुड़े उन्नत प्रोजेक्ट्स का विस्तृत अवलोकन किया।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रीन एनर्जी आज राष्ट्र के विकास का सबसे मजबूत स्तंभ बनती जा रही है। ग्रीन एनर्जी प्रोडक्शन और इसके एक्सप्लोरेशन में ग्रीनको समूह का योगदान अत्यंत अनुकरणीय और प्रेरणादायक है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कंपनी अधिकारियों के साथ हुई बैठक में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत में हरित एवं नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में हो रही ऐतिहासिक प्रगति का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत आज वैश्विक स्तर पर हरित ऊर्जा उत्पादन का मुख्य केंद्र बन चुका है, और मध्यप्रदेश इस दिशा में तेजी से अग्रणी राज्य के रूप में उभर रहा है। मध्यप्रदेश में हरित ऊर्जा उत्पादन एवं उसके विस्तार के लिए निवेश की असीम संभावनाएँ उपलब्ध हैं। राज्य सरकार इस क्षेत्र में बड़े कदम उठा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हरित ऊर्जा के विकास के लिए मध्यप्रदेश में निवेश करने वाले प्रत्येक समूह और कंपनी का स्वागत किया जाएगा।उन्होंने कहा कि उनका यह हैदराबाद प्रवास हरित ऊर्जा क्षेत्र में निवेश बढ़ाने का एक बड़ा प्रयास है, जिससे राज्य में हरित ऊर्जा उत्पादन, औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन को नई गति मिलने की उम्मीद है। मध्यप्रदेश और ग्रीनको समूह के बीच संभावित सहयोग को राज्य को हरित ऊर्जा उत्पादन के राष्ट्रीय केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।

ग्रीनको समूह के ग्रुप सीईओ एवं प्रबंध निदेशक श्री अनिल चैनमला शेट्टी ने मुख्यमंत्री को कंपनी द्वारा पूरे देश में संचालित ऊर्जा परियोजनाओं, तकनीकों और भविष्य की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कंपनी मध्यप्रदेश में अपने निवेश और व्यवसाय विस्तार को लेकर गंभीरता से कार्य कर रही है।उल्लेखनीय है कि ग्रीनको समूह ने मध्यप्रदेश में बड़े पैमाने पर हरित ऊर्जा परियोजनाएँ स्थापित करने की संभावना व्यक्त की है, जिनमें—

  • 100 GWh ऊर्जा भंडारण क्षमता,
  • ग्रीन हाइड्रोजन क्लस्टर,
  • बायो-रिफाइनरी प्लांट,
  • 2G इथेनॉल,
  • मेथेनॉल,
  • सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (SAF) उत्पादन जैसे उन्नत प्रोजेक्ट शामिल हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के दौरे के दौरान

  • श्री राघवेन्द्र कुमार सिंह — प्रमुख सचिव, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन,
  • श्री चंद्रमौली शुक्ला — एमडी, एमपीआईडीसी एवं मुख्यमंत्री के अपर सचिव,
    सहित ग्रीनको कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *