मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 12 नवम्बर को कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर, भोपाल में आयोजित जनजाति कल्याण के लिए कार्यरत अशासकीय संगठनों की नेशनल कॉन्क्लेव-2025 का शुभारंभ करेंगे।यह कॉन्क्लेव जनजाति कार्य मंत्रालय, भारत सरकार तथा मध्यप्रदेश जनजाति कार्य विभाग द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया जा रहा हैकार्यक्रम के समापन सत्र के मुख्य अतिथि राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल होंगे।जनजाति कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।नेशनल कॉन्क्लेव में देश के 500 से अधिक विषय विशेषज्ञ एवं अशासकीय संगठन शामिल होंगे।यह विशेषज्ञ जनजातीय समुदाय के सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका, वन अधिकार और शासन-प्रशासन जैसे विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे।इस नेशनल कॉन्क्लेव का उद्देश्य जनजातीय समुदाय के समग्र विकास में सरकारी एवं अशासकीय प्रयासों के समन्वय को सुदृढ़ करना और नवाचार आधारित समाधान विकसित करना है।
मुख्य विषय और चर्चा के बिंदु
शिक्षा और सशक्तिकरण
जनजातीय समुदाय की शिक्षा में शैक्षिक संस्थाओं की भूमिका।
समग्र शिक्षा में अशासकीय संगठनों का योगदान, चुनौतियाँ एवं अवसर।
स्वास्थ्य और पोषण
जनजातीय महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़ी चुनौतियाँ।
टीकाकरण एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की पहुंच बढ़ाने पर चर्चा।
टेलीमेडिसिन और एम-हेल्थ जैसे आधुनिक साधनों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार।
आजीविका और आर्थिक सशक्तिकरण
जनजातीय युवाओं में उद्यमिता को बढ़ावा देना।
स्व-सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक विकास के नए अवसर।
जनजातीय अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के उपाय।
वन अधिकार एवं शासन-प्रशासन
वन अधिकार अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन में आने वाली चुनौतियाँ।
पंचायत राज संस्थाओं, ग्राम सभाओं एवं पारंपरिक जनजातीय संस्थाओं की भूमिका।
जनजाति विकास एजेंसियों की जिम्मेदारियाँ और सहभागिता।