
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि गरीब कल्याण और चहुँमुखी विकास के लिए राज्य सरकार योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है। प्रदेशवासियों के जीवन को बेहतर बनाने और किसानों की बेहतरी के लिए राशि की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान गढ़ रहा है और पूरी दुनिया आज भारत की ताकत को देख रही है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव विदिशा जिले के कुरवाई में शनिवार को आयोजित हिनौता सिंचाई परियोजना अंतर्गत जाजपोन पुनर्वास कॉलोनी एवं विभिन्न निर्माण कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने कुरवाई एवं विदिशा जिले के विकास के लिए 258 करोड़ रुपए की सौगात दी। इनमें 92 करोड़ 70 लाख रुपए की लागत से 46 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं 165 करोड़ रुपए की लागत से 34 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इस दौरान 7 करोड़ 36 लाख रुपए की लागत की महत्वपूर्ण हिनौता बांध परियोजना का भी शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर प्रदर्शित केन-बेतवा लिंक परियोजना के मॉडल का अवलोकन भी किया।
किसानों की बेहतरी के लिए ठोस कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान से चर्चा कर प्रदेश में भावांतर योजना लागू की गई है। इस साल सोयाबीन की फसल की बिक्री पर किसानों को 5328 रुपए प्रति क्विंटल की दर से भुगतान मिलेगा। सरकार अंतर की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में जमा कराएगी और यह भुगतान 15 दिनों के भीतर किया जाएगा।उन्होंने कहा कि विदिशा जिले में खराब हुई फसलों का सर्वे कराया जाएगा और किसानों को राहत राशि एवं बीमा का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। सिंचाई के लिए किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। केन-बेतवा लिंक परियोजना से किसानों और उद्योगों दोनों को पानी उपलब्ध कराया जाएगा।
भाई-दूज पर लाड़ली बहनों को मिलेगा विशेष उपहार
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि दीपावली के बाद भाई-दूज पर लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत बहनों को 1500 रुपए की राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने के लिए भी राज्य सरकार कृतसंकल्प है। बच्चों को स्कूटी, नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकें, साइकिल, छात्रवृत्ति और छात्रावास की सुविधाएं दी जा रही हैं। प्रदेश में सांदीपनि विद्यालय भी उच्च स्तरीय बनाए जा रहे हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने सुदामा से मित्रता निभाकर यह संदेश दिया था कि अमीर और गरीब के बीच सच्ची मित्रता संभव है। इसी भाव से राज्य सरकार गरीब और सामान्य वर्ग के उत्थान के लिए सतत कार्य कर रही है। भगवान श्रीकृष्ण की लीलास्थलियों को तीर्थ स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे प्रदेश की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर को नई पहचान मिलेगी।