मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवाओं से किया आह्वान – फिट रहें, नशे से दूर रहें और राष्ट्र सेवा में आगे आएं,

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि तन और मन की शुचिता के साथ स्वस्थ रहना हर व्यक्ति के लिए बेहद आवश्यक है। मनुष्य का पहला सुख निरोगी काया से मिलता है, इसलिए हमें सदैव फिजिकली फिट रहने का प्रयास करना चाहिए और किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहना चाहिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह बात रविवार सुबह अटल पथ पर आयोजित “नमो युवा रन” (मैराथन दौड़) के शुभारंभ अवसर पर कही।उन्होंने केन्द्र सरकार द्वारा संचालित फिट इंडिया मूवमेंट और नशामुक्त भारत अभियान की संकल्प पूर्ति एवं जन-जागरूकता के लिए आयोजित इस विशेष मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नमो युवा रन का मोमेंटों (लोगो) भी लोकार्पण किया।मुख्यमंत्री डॉ. यादव एवं अन्य अतिथि स्वयं स्पोर्ट्स ट्रैक सूट में दौड़ में शामिल हुए और हजारों की संख्या में उपस्थित प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक देशभर में सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है और नमो युवा रन का यह आयोजन सभी को राष्ट्र सेवा और समाज के प्रति समर्पित होने की प्रेरणा देता हैमुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संबोधन में कहा कि आज पूरी दुनिया भारत की ओर देख रही है। हमें सदैव अपनी सोच, विचारों और मूल्यों में “देश सबसे पहले” की भावना को बनाए रखना होगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग करें और अपने प्रयासों से राष्ट्र को विश्वगुरु बनाने में योगदान दें।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर नई पहचान और प्रतिष्ठा अर्जित की है। मध्यप्रदेश ने भी प्रधानमंत्री की सोच और विजन के अनुरूप देश-दुनिया में अपनी अलग जगह बनाई है। खेलों के क्षेत्र में भी प्रदेश ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। मुख्यमंत्री ने उदाहरण देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश के हॉकी खिलाड़ी श्री विवेक सागर ओलंपिक में पदक विजेता टीम के सदस्य रहे हैं, जो प्रदेश को खेलों में और बेहतर करने के लिए प्रेरित करता है।कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवाओं से संकल्प लेने का आह्वान किया कि वे खुद को फिट रखेंगे, नशे से दूर रहेंगे और अपने कार्यों एवं कर्तव्यों में सदैव अग्रणी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *