मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गांधीसागर में किया पर्यटन गतिविधियों का अवलोकन,

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को गांधीसागर में चंबल नदी के अद्भुत और आकर्षक प्राकृतिक नजारे का अनुभव किया। उन्होंने बोटिंग कर नदी की मनोहारी छटा का आनंद लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन को नई पहचान दिलाने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। चंबल नदी क्षेत्र में विकसित हो रही पर्यटन गतिविधियाँ स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजित करने के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेंगी।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बोटिंग के बाद चंबल नदी में जेट स्काय की सवारी भी की। पानी की लहरों पर बाइक बोट चलाते हुए मुख्यमंत्री उत्साहित एवं प्रसन्नचित दिखे। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की साहसिक गतिविधियाँ न केवल पर्यटन को बढ़ावा देंगी बल्कि प्रदेश की प्राकृतिक धरोहरों को देखने-समझने का नया अवसर भी प्रदान करेंगी।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सफारी जीप से टेंट सिटी का भी अवलोकन किया और यहाँ की पर्यटन सुविधाओं एवं आकर्षक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।इस अवसर पर सांसद श्री सुधीर गुप्ता, गरोठ विधायक श्री चंदर सिसोदिया, कमिश्नर श्री आशीष सिंह, आईजी श्री उमेश जोगा, कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग, पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीणा सहित अनेक पर्यटक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *