मुख्यमंत्री का गुरुवार को रीवा और सीधी जिलों का दौरा, विकास योजनाओं की करेंगे समीक्षा,

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 15 मई को एक दिवसीय दौरे पर रीवा और सीधी जिलों के प्रवास पर रहेंगे। वे सुबह 10 बजे भोपाल से रवाना होकर 11 बजे रीवा एयरपोर्ट पहुंचेंगे। रीवा की तहसील दिव्यगवां में मुख्यमंत्री नव-निर्मित शासकीय महाविद्यालय भवन का लोकार्पण करेंगे और आमसभा को संबोधित करेंगे।इस दौरान जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत 501 खेत तालाबों और अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा। डॉ. यादव विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन करेंगे और स्वामित्व योजना के तहत हितग्राहियों को भू-अधिकार पत्र वितरित करेंगे। वे 5 एकड़ क्षेत्र में पौधरोपण कर पर्यावरण सरंक्षण का संदेश भी देंगे।इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर 12:55 बजे सीधी हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां आयोजित कार्यक्रम में वे मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की मई माह की किश्त सिंगल क्लिक के माध्यम से हितग्राहियों के बैंक खातों में हस्तांतरित करेंगे। इसके साथ ही पेंशन और गैस सिलेंडर रिफिल की राशि भी हितग्राहियों को वितरित की जाएगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव सीधी में विशाल आमसभा को संबोधित करेंगे तथा विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। उनका यह दौरा विकास योजनाओं की तेज़ रफ्तार और जनकल्याण की प्रतिबद्धता का प्रतीक माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *