
भोपाल, दिनांक 29 जुलाई 2025:
पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार प्रदेश को नशा मुक्त बनाने हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत आज जोन-03 अंतर्गत इतवारा क्षेत्र में एक जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भारी वर्षा के बावजूद आम नागरिकों, युवाओं तथा गणमान्य नागरिकों सहित लगभग 350 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा नशा मुक्ति का संकल्प लिया।इस अवसर पर मुख्य अतिथि पुलिस उपायुक्त (जोन-03) श्री रियाज़ इक़बाल द्वारा नशा उन्मूलन विषय पर प्रेरणादायक संबोधन दिया गया। उन्होंने नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वर्तमान समय में शहर में होने वाले अधिकांश अपराधों की जड़ में नशा एक प्रमुख कारण होता है। नशे की लत ना केवल व्यक्ति के मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य को प्रभावित करती है, बल्कि सामाजिक ताने-बाने को भी छिन्न-भिन्न कर देती है। उन्होंने उदाहरण सहित बताया कि नशे की गिरफ्त में आए युवा अक्सर अपराध की ओर अग्रसर होते हैं, जिससे उनका जीवन बर्बादी की ओर चला जाता है।

श्री इक़बाल ने उपस्थितजनों को आह्वान किया कि वे स्वयं नशा न करें, न अपने परिवार में इसकी अनुमति दें और न ही समाज में इसे बढ़ावा दें। इसी उद्देश्य से सभी उपस्थित जनों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।कार्यक्रम के अंतर्गत एक जागरूकता आधारित नुक्कड़ नाटक का मंचन भी किया गया, जिसे उपस्थितजनों ने सराहा। इस नाटक के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (जोन-03) श्रीमती शालिनी दीक्षित, एसीपी श्री राकेश बघेल, एसीपी श्री चंद्रशेखर पांडे, एसीपी श्री अनिल वाजपेयी, एसीपी श्री विजय दुबे तथा जोन-03 के समस्त थाना प्रभारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।भोपाल पुलिस का यह प्रयास नागरिकों को जागरूक कर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह अभियान आगे भी लगातार चलाया जाएगा ताकि नशा मुक्त, सुरक्षित और स्वस्थ समाज का निर्माण सुनिश्चित किया जा सके।