भारत–मलेशिया संबंधों को नई गति, रक्षा, सेमीकंडक्टर और व्यापार में सहयोग बढ़ाने पर सहमति,

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मलेशिया के प्रधानमंत्री दातो’ सेरी अनवर इब्राहिम के बीच हुई व्यापक वार्ता के बाद भारत और मलेशिया ने रक्षा एवं सुरक्षा, सेमीकंडक्टर, डिजिटल तकनीक और व्यापार सहित कई क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने के लिए नई पहलों की घोषणा की। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों को और विस्तार देने तथा हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और विकास के लिए मिलकर काम करने पर सहमति व्यक्त की।बैठक के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और मलेशिया. के बीच “विशेष संबंध” हैं और दोनों देश विभिन्न क्षेत्रों में साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने आतंकवाद के मुद्दे पर भारत का स्पष्ट रुख दोहराते हुए कहा कि आतंकवाद के खिलाफ कोई दोहरा मापदंड नहीं होना चाहिए और इस पर किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं है।प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। हवाई अड्डे पर स्वयं प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने उनका स्वागत किया, जिसे दोनों देशों के बीच मजबूत होते संबंधों का संकेत माना जा रहा है। इसके बाद पर्दाना पुत्रा में प्रधानमंत्री मोदी का औपचारिक स्वागत किया गया और द्विपक्षीय वार्ता आयोजित हुई।प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और मलेशिया समुद्री पड़ोसी हैं और सदियों से दोनों देशों के लोगों के बीच गहरे सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंध रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय मूल की आबादी के मामले में मलेशिया दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा देश है, जिससे दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक संबंध और मजबूत होते हैं। साझा सभ्यता, सांस्कृतिक विरासत और लोकतांत्रिक मूल्यों ने दोनों देशों को एक सूत्र में बांध रखा है।दोनों देशों ने आतंकवाद विरोधी उपायों, खुफिया जानकारी साझा करने और समुद्री सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि रक्षा सहयोग को और व्यापक बनाया जाएगा और उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में भी साझेदारी मजबूत की जाएगी।उन्होंने बताया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), डिजिटल प्रौद्योगिकी, सेमीकंडक्टर, स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग को नई दिशा दी जाएगी। प्रधानमंत्री मोदी ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि यह क्षेत्र विश्व विकास का इंजन बनकर उभर रहा है और भारत आसियान देशों के साथ मिलकर यहां शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने कहा कि भारत और मलेशिया व्यापार, निवेश, संपर्क और रक्षा के क्षेत्र में लगातार सहयोग बढ़ा रहे हैं। उन्होंने वैश्विक व्यापार और आर्थिक क्षेत्र में भारत की तेज़ प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि भारत के साथ साझेदारी मलेशिया के लिए महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *