भोपाल। राजधानी के पद्मनाभ नगर स्थित एक बैंक में उस समय हड़कंप मच गया जब बैंक के ड्रॉप बॉक्स से अज्ञात व्यक्ति द्वारा चेक चोरी किए जाने की घटना सामने आई। यह वारदात बैंक परिसर के बाहर लगे एटीएम के पास हुई, जहां ड्रॉप बॉक्स स्थित था। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।बैंक प्रशासन द्वारा ऐशबाग थाने में इस चोरी की शिकायत दर्ज कराई गई है। ऐशबाग थाना प्रभारी श्री विजय बहादुर सिंह सेंगर ने बताया कि एक युवक सुबह के समय ड्रॉप बॉक्स के पास पहुंचा और उसमें से चेक चोरी कर लिए। सीसीटीवी फुटेज में युवक स्पष्ट रूप से चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए देखा गया है।

फिलहाल उसकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।बैंक की ओर से जानकारी दी गई है कि घटना वाले दिन ड्रॉप बॉक्स में कुल 77 चेक मिले थे, पर यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि कुल कितने चेक चोरी हुए। बैंक यह भी नहीं बता सका कि घटना से पहले ड्रॉप बॉक्स में कितने चेक डाले गए थे।इस मामले का दूसरा पहलू और भी गंभीर है। चोरी किए गए चेकों में से एक का दुरुपयोग कर अशोका गार्डन थाना क्षेत्र स्थित एक अन्य बैंक से ₹1,00,000 की राशि अवैध रूप से निकाल ली गई। इस संबंध में अलग से शिकायत दर्ज कर जांच की जा रही है।जहां ऐशबाग थाना चेक चोरी की वारदात की जांच कर रहा है, वहीं फर्जीवाड़े से राशि निकाले जाने की जांच अशोका गार्डन थाना पुलिस द्वारा की जा रही है।यह घटना न केवल बैंकिंग सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है, बल्कि ग्राहकों के वित्तीय जोखिम को लेकर भी चिंता उत्पन्न करती है। पुलिस प्रशासन द्वारा जांच को प्राथमिकता दी जा रही है, और जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी की उम्मीद है।