प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज इंदौर में आयोजित महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में भाग लेकर लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के अवसर पर आयोजित विशेष प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश के राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी उपस्थित थे।इस प्रदर्शनी में लोकमाता अहिल्याबाई के सुशासन, महिला स्वावलंबन को बढ़ावा देने, धार्मिक स्थलों के संरक्षण और उन्नयन के लिए किए गए कार्यों को दर्शाया गया है। साथ ही, देवी अहिल्याबाई पर केंद्रित शोध पत्र, पुस्तकें और दस्तावेज भी प्रदर्शित किए गए।प्रधानमंत्री श्री मोदी ने हथकरघा-हस्तशिल्प क्षेत्र में सक्रिय महिलाओं और ड्रोन दीदी योजना की लाभार्थियों से संवाद कर उनके कार्यों और अनुभवों की सराहना की। उन्होंने प्रदेश में महिला सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों, जैसे ग्रामीण आवास योजना, ग्रामीण पर्यटन, कृषि में महिला भागीदारी, एवं नगरीय व ग्रामीण निकायों में महिला प्रतिनिधित्व के बारे में जानकारी प्राप्त की।इसके अतिरिक्त, प्रधानमंत्री ने प्रदेश में अधोसंरचना विकास, धार्मिक स्थलों के पुनरुद्धार और अन्य विकासोन्मुखी नवाचारों को भी प्रदर्शनी के माध्यम से देखा और सराहा।यह आयोजन न केवल लोकमाता अहिल्याबाई की प्रेरणादायी विरासत को रेखांकित करता है, बल्कि महिला नेतृत्व और आत्मनिर्भरता के भविष्य को भी सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।