
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिल्ली में कौशल एवं cमंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित कौशल दीक्षांत समारोह में मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की शासकीय आईटीआई, बैतूल की छात्रा कुमारी त्रिशा तावड़े को ऑल इंडिया सेंट्रल ज़ोन टू ईयर ट्रेड टॉपर बनने पर सम्मानित किया।त्रिशा तावड़े ने इलेक्ट्रीशियन ट्रेड में 1200 में से 1187 अंक प्राप्त कर सेंट्रल जोन में प्रथम स्थान हासिल किया। वह मध्यप्रदेश की एकमात्र प्रशिक्षणार्थी हैं, जिनका नाम राष्ट्रीय मेरिट सूची में शामिल हुआ है। इस उपलब्धि से न केवल बैतूल बल्कि पूरे प्रदेश का मान बढ़ा है।
प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाली प्रतिभाएँ
मध्यप्रदेश के अन्य 09 प्रशिक्षार्थियों ने भी ऑल इंडिया ट्रेड टॉपर बनकर प्रदेश का नाम रोशन किया। इनमें शामिल हैं:
- चंचल सेवारिक, कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट, भोपाल
- पूजा जाटव, ड्रोन तकनीशियन, जबलपुर
- श्याम महेश्वरी, फैशन डिजाइन एंड टेक्नोलॉजी, उज्जैन
- अमन गजभिये, मेसन, बालाघाट
- श्रुति विश्वकर्मा, मैकेनिक ट्रैक्टर, जबलपुर
- अरविंद कुमरे, मैकेनिक कंप्यूटर हार्डवेयर, बैतूल
- निकिता तावड़े, मैकेनिक कंप्यूटर हार्डवेयर, बैतूल
- अभिजीत सिंह सिसोदिया, मिल्क एंड मिल्क प्रोडक्ट टेक्नीशियन, भोपाल
- शिवम यादव, स्टेनोग्राफर एंड सेक्रेटेरियल असिस्टेंट, खंडवा
इन सभी ने अपने कौशल, परिश्रम और संकल्प से प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।
नेतृत्व का संदेश
कौशल विकास एवं रोजगार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गौतम टेटवाल ने कुमारी त्रिशा तावड़े सहित सभी विजेता प्रशिक्षार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि “यह उपलब्धि प्रदेश में कौशल आधारित शिक्षा की गुणवत्ता, प्रशिक्षकों के समर्पण और युवा प्रतिभाओं की मेहनत का परिणाम है।”उन्होंने आगे बताया कि विभाग का लक्ष्य केवल तकनीकी दक्षता देना ही नहीं, बल्कि प्रशिक्षुओं को जीवन कौशल, व्यक्तित्व विकास, भाषा और संचार कौशल सिखाना, महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना और विदेशों में रोजगार की संभावनाओं को भी साकार करना है।
आईटीआई बैतूल की चमक
आईटीआई बैतूल के प्राचार्य ने जानकारी दी कि सत्र 2024-25 में मैकेनिक कंप्यूटर हार्डवेयर ट्रेड में अरविंद कुमरे (पुरुष वर्ग) और निकिता तावड़े (महिला वर्ग) ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर संस्थान की प्रतिष्ठा और बढ़ाई है।बैतूल की संघर्षशील छात्रा त्रिशा तावड़े का परिवार इस गौरव का प्रतीक है। उनके पिता श्री अजय तावड़े बस ड्राइवर हैं और मां श्रीमती सुशीला तावड़े गृहिणी हैं। बड़ी बहन कुमारी एकता तावड़े भी आईटीआई बैतूल की टॉपर रह चुकी हैं और वर्तमान में रेलवे में एप्रेंटिस के रूप में कार्यरत हैं।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में पहल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुरूप छात्राओं की उन्नति और कौशल प्रशिक्षण के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। शासकीय एकलव्य महिला आईटीआई बैतूल में ‘हुनर पहल’ कार्यक्रम के तहत:
- कम्युनिकेशन स्किल, सॉफ्ट स्किल और इंग्लिश स्पीकिंग प्रशिक्षण
- हार्टफुलनेस ध्यान एवं व्यक्तित्व विकास शिविर
- हेल्थ क्लब गतिविधियों में योग एवं कराटे प्रशिक्षण
जैसी गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है।
कौशल दीक्षांत समारोह का प्रदेशव्यापी आयोजन
प्रदेश की सभी 280 शासकीय आईटीआई में आज कौशल दीक्षांत समारोह का आयोजन हुआ। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया और आईटीआई स्तर पर सभी ट्रेड्स के टॉपर प्रशिक्षार्थियों को सम्मानित किया गया।