प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बच्चों के लिए बेहतर भविष्य – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव,

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में बच्चों के लिए बेहतर भविष्य का अवसर उपलब्ध हो रहा है। प्रदेश के विद्यार्थियों को स्कूटी, लैपटॉप, साइकिल, कॉपी-किताबें सहित अनेक सौगातें दी जा रही हैं।मुख्यमंत्री ने बताया कि इसी कड़ी में आज स्कूल शिक्षा विभाग के माध्यम से 12वीं बोर्ड परीक्षा में स्कूल स्तर पर टॉपर रहे 7 हजार 832 विद्यार्थियों को निःशुल्क स्कूटी वितरित की गई है। यह पहल प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की भावना के अनुरूप है, जिसके तहत प्रतिभावान विद्यार्थियों को गति से आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया जा रहा है।डॉ. यादव ने कहा कि सरकार चाहती है कि ये विद्यार्थी स्कूटी से आगे बढ़कर भविष्य में मंत्री, अधिकारी और नेतृत्वकर्ता के रूप में प्रदेश और देश की व्यवस्थाओं का संचालन करें और समाज के कल्याण में योगदान दें।मुख्यमंत्री गुरुवार को कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश की 20 लाख से अधिक बालिकाओं के लिए सैनिटेशन एवं हाइजीन मद में 61 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का अंतरण भी किया।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्कूटी प्राप्त करने वाली छात्रा कु. हर्षिता के साथ स्कूटी की सवारी की। उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों का अभिवादन कर उनसे संवाद भी किया। अंत में मुख्यमंत्री ने हितग्राही विद्यार्थियों के साथ समूह चित्र खिंचवाकर इस पल को यादगार बनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *