मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार ने गरीब और जरूरतमंदों को कठिन समय में त्वरित मदद पहुंचाने के लिए एयर एम्बुलेंस सेवा शुरू की है, जो लगातार जनहित में लाभकारी सिद्ध हो रही है। इसी कड़ी में सिंगरौली जिले के निवासी श्री संदीप सिंह, जो किडनी संबंधी गंभीर बीमारी से पीड़ित थे, को पीएम श्री एयर एम्बुलेंस के माध्यम से एयरलिफ्ट कर भोपाल लाया गया और बेहतर उपचार हेतु एम्स अस्पताल में भर्ती करवाकर उनकी जीवन रक्षा की गई।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह सेवा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में गरीब और जरूरतमंद मरीजों के लिए संचालित की जा रही है। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों और चिकित्सकों को निर्देश दिए कि गंभीर रोगियों और दुर्घटनाग्रस्त नागरिकों को समय पर इस सेवा का लाभ दिलाने में पूर्ण सजगता बरतें। साथ ही उन्होंने आमजन से भी अपील की कि जरूरत पड़ने पर मरीजों के परिजन इस सुविधा का लाभ लेने में संकोच न करें।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है, जहाँ जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क एयर एम्बुलेंस सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। अब तक 17 जिलों के रोगियों को इस सेवा से समय पर चिकित्सा सुविधा दिलाई गई है। कठिन परिस्थितियों में यह सेवा आमजन के लिए संबल बन रही है। हवाई पट्टी वाले क्षेत्रों में एयर एम्बुलेंस और अन्य स्थानों पर हेलीकॉप्टर के माध्यम से मरीजों को एयरलिफ्ट कर अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सिंगरौली जिले के मरीज श्री संदीप सिंह की समय पर मदद करने के लिए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएँ दीं।