मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्पेन प्रवास के अंतिम दिन, 19 जुलाई को बार्सिलोना की विश्वप्रसिद्ध कला, संस्कृति और स्थापत्य धरोहरों का अवलोकन किया। उन्होंने बार्सिलोना के तीन प्रमुख स्थलों – पार्क गुएल, सागरदा फैमिलिया और पिकासो संग्रहालय का भ्रमण कर वहां प्रदर्शित रचनात्मकता, स्थापत्य सौंदर्य और सांस्कृतिक संरक्षण के अद्भुत उदाहरणों को मध्यप्रदेश के विकास संदर्भ में समझा।भ्रमण की शुरुआत विश्वविख्यात पार्क गुएल से हुई, जो प्रकृति और वास्तुकला के अनोखे समन्वय का प्रतीक है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रसिद्ध वास्तुकार अंटोनियो गौदी द्वारा डिज़ाइन किए गए इस यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल का विशेष रुचि से अवलोकन किया। उन्होंने प्राकृतिक आकृतियों, रंगीन मोज़ाइक से सजे ‘ड्रैगन स्टेयर’, 86 स्तंभों वाले ‘हाइपोस्टाइल हॉल’ और ‘सर्पेन्टाइन बेंच’ जैसे स्थलों को देखा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में भी थीम आधारित कलात्मकता और पारंपरिक कला से सुसज्जित पार्क एवं सार्वजनिक स्थल विकसित किए जा सकते हैं, जिससे न केवल शहरी सौंदर्यीकरण को बढ़ावा मिलेगा बल्कि सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और पर्यटन को भी प्रोत्साहन मिलेगा।इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सागरदा फैमिलिया और पिकासो संग्रहालय का भ्रमण किया और वहां की समृद्ध कला एवं स्थापत्य शैली को गहराई से समझा। उन्होंने कहा कि बार्सिलोना की यह सांस्कृतिक विरासत प्रेरणादायक है और मध्यप्रदेश के विकास एवं सांस्कृतिक संरक्षण में इसका उपयोगी दृष्टिकोण अपनाया जा सकता है।