प्रदेश में खाद्य सामग्री, गैस और तेल की पर्याप्त उपलब्धता, घबराने की आवश्यकता नहीं : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव,

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्य प्रदेश में खाद्य सामग्री, रसोई गैस और पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति को लेकर किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। प्रदेश सरकार के पास पर्याप्त संसाधन उपलब्ध हैं और आम नागरिकों को किसी प्रकार की घबराहट या चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। सरकार पूरी तरह सतर्क है और आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को मंत्रालय में आयोजित खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। यह बैठक खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध जैसे हालात को ध्यान में रखते हुए बुलाई गई थी, ताकि संभावित परिस्थितियों के मद्देनजर प्रदेश की आपूर्ति व्यवस्था का आकलन किया जा सके और आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा सकें।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में खाद्य सामग्री, ईंधन और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रदेश के सभी जिलों और ग्रामीण क्षेत्रों तक आवश्यक वस्तुएं नियमित रूप से उपलब्ध होती रहें और किसी भी स्तर पर आपूर्ति बाधित न हो।मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों पर लगातार नजर बनाए हुए है और उसके मार्गदर्शन में देशभर में आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मध्य प्रदेश में भी खाद्य सामग्री, गैस और तेल की उपलब्धता को लेकर कोई समस्या नहीं है।

संभावित चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए मुख्यमंत्री ने तीन सदस्यीय मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों की एक समिति गठित करने के निर्देश दिए। यह समिति प्रदेश में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति और वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी करेगी तथा आवश्यकता पड़ने पर त्वरित निर्णय लेकर आवश्यक कदम उठाएगी।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह भी बताया कि खाड़ी देशों में रह रहे भारतीय नागरिकों, विशेष रूप से मध्य प्रदेश के लोगों की सुरक्षित वापसी को लेकर राज्य सरकार केंद्र सरकार के साथ लगातार संपर्क में है। राज्य सरकार द्वारा स्थापित हेल्पलाइन पर अब तक 255 लोगों ने संपर्क किया है। इन लोगों की सुरक्षित वापसी के लिए समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं।कहा कि प्रदेश सरकार अपने नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और हर परिस्थिति में नागरिकों के हितों की रक्षा की जाएगी।बैठक में उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ला, प्रभारी मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा, पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाना, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय श्री नीरज मंडलोई, अपर मुख्य सचिव खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति श्रीमती रश्मि अरुण शमी, सचिव परिवहन एवं आयुक्त जनसंपर्क श्री मनीष सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *