प्रदेश के 70वें स्थापना दिवस पर बोले – विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त मध्यप्रदेश का नया दौर प्रारंभ,

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आज 1 नवम्बर को हम न केवल मध्यप्रदेश की उपलब्धियों का उत्सव मना रहे हैं, बल्कि आने वाले 25 वर्षों की विकास यात्रा की भी शुरुआत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीते दो वर्ष विकसित और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की मजबूत आधारशिला रखने वाले रहे हैं। इन वर्षों में प्रदेश ने विरासत से विकास की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है। औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन, निवेश प्रोत्साहन और आधारभूत ढांचे के विस्तार के क्षेत्र में मध्यप्रदेश ने नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को रवीन्द्र भवन, भोपाल में प्रदेश के 70वें स्थापना दिवस पर आयोजित “अभ्युदय मध्यप्रदेश” समारोह में ‘विकसित मध्यप्रदेश @2047’ विजन डॉक्यूमेंट के विमोचन अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यही गति और यही प्रयास प्रदेश को देश के अग्रणी औद्योगिक केंद्र के रूप में स्थापित करेंगे।मुख्यमंत्री ने कहा कि इस ऐतिहासिक अवसर पर हम विकसित मध्यप्रदेश @2047 विजन डॉक्यूमेंट राष्ट्र को समर्पित कर रहे हैं। यह दस्तावेज जन-जन के सहयोग से तैयार किया गया है, जो आने वाले दो दशकों के लिए सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण का विस्तृत रोडमैप प्रस्तुत करता है। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि यह विजन डॉक्यूमेंट प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के “विकसित भारत 2047” के संकल्प को साकार करने में मध्यप्रदेश की अग्रणी भूमिका सुनिश्चित करेगा।डॉ. यादव ने कहा कि इस विजन डॉक्यूमेंट में औद्योगिक विकास, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढाँचा, ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण, डिजिटल नवाचार, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक न्याय और सुशासन जैसे प्रमुख क्षेत्रों में दीर्घकालिक रणनीतियाँ शामिल हैं। इसका उद्देश्य प्रदेश को आत्मनिर्भर और टिकाऊ विकास की दिशा में अग्रसर करना है।समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ‘विकसित मध्यप्रदेश @2047’ विजन डॉक्यूमेंट का औपचारिक विमोचन किया। इसके साथ ही उन्होंने ओंकारेश्वर अभयारण्य के विकास की घोषणा की, जिसमें खण्डवा और देवास जिलों के क्षेत्र शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना प्रदेश की पर्यावरणीय और धार्मिक धरोहरों के संरक्षण के साथ-साथ पर्यटन विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में योगदान देकर “विकसित मध्यप्रदेश @2047” के इस महायज्ञ में सहभागी बनें। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों, नवाचार और जनभागीदारी से ही हम आत्मनिर्भर और सशक्त मध्यप्रदेश के सपने को साकार कर पाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *