राजधानी भोपाल में आज प्रदेश की सबसे बड़ी मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। श्री कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव समिति द्वारा आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी और इंडियन आइडल से चर्चित गायक सवाई भट्ट विशेष आकर्षण रहेंगे।समिति के अध्यक्ष और भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी ने बताया कि यह प्रतियोगिता वर्ष 2003 से लगातार आयोजित की जा रही है और अब यह प्रदेश की सबसे प्रतिष्ठित एवं विशाल मटकी फोड़ प्रतियोगिता बन चुकी है।पचौरी ने कहा, “बांके बिहारी की कृपा से यह आयोजन हर साल और भी भव्य होता जा रहा है। प्रदेशभर से कई जिलों की टीमें इसमें भाग लेती हैं और युवाओं की टोली बड़ी संख्या में मटकी फोड़ने के लिए जुटती है।”इस वर्ष भी दर्जनों टीमें प्रतियोगिता में शामिल होंगी। आयोजन के दौरान केवल खेल और उत्सव ही नहीं बल्कि सामाजिक जागरूकता भी फैलाई जाएगी। हर साल की तरह इस बार भी बाल विवाह रोकथाम, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और नशामुक्ति जैसे सामाजिक संदेश प्रतियोगिता के मंच से आमजन तक पहुंचाए जाएंगे।