
महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) में मंगलवार को मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों का लक्ष्य इस मुकाबले में जीत दर्ज कर अपने अभियान को दोबारा पटरी पर लाना होगा। हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन अब तक उतार-चढ़ाव भरा रहा है। टीम ने पांच मैचों में सिर्फ दो जीत दर्ज की हैं और निरंतरता की कमी उसके लिए चिंता का विषय बनी हुई है।मुंबई इंडियंस ने टूर्नामेंट की शुरुआत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ हार के साथ की थी, लेकिन दूसरे मुकाबले में उसने दिल्ली कैपिटल्स को 50 रन से हराकर शानदार वापसी की। इसके बाद गुजरात जायंट्स पर सात विकेट की जीत से टीम को कुछ गति मिली, लेकिन यूपी वॉरियर्स के खिलाफ लगातार दो हार ने मुंबई को फिर बैकफुट पर धकेल दिया। इसके बावजूद मुंबई पांच टीमों की अंक तालिका में फिलहाल दूसरे स्थान पर बनी हुई है।मुंबई इंडियंस की सबसे बड़ी कमजोरी पावरप्ले में खराब प्रदर्शन रही है। हेली मैथ्यूज के चोटिल होने और शीर्ष क्रम में अमेलिया कर तथा जी कमलिनी के साथ किए गए प्रयोग सफल नहीं हो सके। नतीजतन टूर्नामेंट में मुंबई का पावरप्ले रन रेट सबसे कम 6.50 रहा है। शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के लगातार असफल रहने से कप्तान हरमनप्रीत कौर और नैट सीवर-ब्रंट पर रन बनाने का अतिरिक्त दबाव बढ़ गया है। जब भी इन दोनों का बल्ला नहीं चला, टीम को संघर्ष करना पड़ा।
दिल्ली कैपिटल्स पर भी दबाव
दूसरी ओर, पिछले सत्र की उपविजेता दिल्ली कैपिटल्स की स्थिति भी चिंताजनक है। टीम चार मैचों में तीन हार के साथ अंक तालिका में सबसे नीचे है। दिल्ली ने अपने अभियान की शुरुआत लगातार दो हार के साथ की थी। यूपी वॉरियर्स के खिलाफ मिली एकमात्र जीत से उम्मीद जगी, लेकिन पिछले मैच में 166 रन पर सिमटने के बाद आरसीबी से आठ विकेट की हार ने उसकी लय तोड़ दी।
दिल्ली कैपिटल्स के लिए मध्यक्रम का कमजोर प्रदर्शन बड़ी समस्या रहा है। कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स से अपेक्षित योगदान नहीं मिल पाया है, जिससे टीम पर दबाव बढ़ा है। वहीं, सलामी बल्लेबाज लौरा वोल्वार्ट पिछले मैच में शून्य पर आउट होने के बाद इस मुकाबले में फॉर्म में वापसी करने के इरादे से उतरेंगी।
कुल मिलाकर, यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद अहम है। मुंबई इंडियंस जीत के साथ अपनी स्थिति मजबूत करना चाहेगी, जबकि दिल्ली कैपिटल्स के लिए यह मैच टूर्नामेंट में बने रहने की उम्मीदों को जिंदा रखने का अवसर होगा।