जिला जनगणना समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न, जनगणना-2027 पूर्णतः डिजिटल मोड में होगी संपादित

भोपाल। कौशलेंद्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में जिला जनगणना समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना-2027 को पूर्णतः डिजिटल मोड में संपादित करने संबंधी प्रमुख बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।बैठक में अपर कलेक्टर श्री पी.सी. शाक्य, जिला जनगणना अधिकारी श्री भुवन गुप्ता, एसडीएम, संयुक्त कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर सहित समिति के सदस्यगण एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।जनगणना कार्य निदेशालय के संयुक्त निदेशक श्री नमित यादव एवं सहायक निदेशक श्रीमती ऐन्सी रेजी द्वारा प्रथम चरण मकान सूचीकरण के जिला स्तरीय प्रशिक्षण में 1 मई से 30 मई 2026 तक संपादित किए जाने वाले कार्यों के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया। जिला प्रभारी द्वारा भी महत्वपूर्ण विषयों पर तकनीकी एवं प्रशासनिक जानकारी प्रस्तुत की गई।बैठक में डिजिटल जनगणना प्रक्रिया, डाटा की शुद्धता एवं पारदर्शिता, प्रभावी कार्य प्रणाली तथा निगरानी व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया। जनगणना कार्यक्रम के अनुसार प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं भवन गणना) 1 मई से 30 मई 2026 तक संचालित होगा, जबकि द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) फरवरी 2027 से प्रारंभ किया जाएगा।कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देशित किया कि जनगणना कार्य को गुणवत्ता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ समय-सीमा में संपादित किया जाए। उन्होंने जिला स्तर पर मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने, मकान सूचीकरण ब्लॉक (एचएलबी) के गठन तथा गणना दलों के प्रशिक्षण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।उल्लेखनीय है कि जनगणना-2027 देश की 16वीं तथा स्वतंत्रता के बाद की 8वीं जनगणना होगी। यह गांव, शहर और वार्ड स्तर पर प्राथमिक आंकड़ों का सबसे बड़ा एवं विश्वसनीय स्रोत है। इस बार जनगणना पूर्णतः डिजिटल माध्यम से की जाएगी तथा पहली बार नागरिकों को स्व-गणना (सेल्फ एन्युमरेशन) का विकल्प भी प्रदान किया गया है।आंकड़ों का संकलन स्व-गणना पोर्टल एवं मोबाइल एप (एचएलओ एप) के माध्यम से किया जाएगा। मकान सूचीकरण ब्लॉक का सृजन एचएलबीसी वेब पोर्टल से तथा प्रबंधन एवं निगरानी सीएमएमएस वेब पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। घर-सूचीकरण चरण में भवन उपयोग सहित 33 बिंदुओं पर जानकारी दर्ज की जाएगी।इस अवसर पर जनगणना कार्य निर्देशालय मध्यप्रदेश की सांख्यिकी अन्वेषक एवं भोपाल जिला प्रभारी सुश्री सुनीता पुष्कर, जिला नोडल ऑफिसर श्री सुरेंद्र रघुवंशी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *