गैस आपूर्ति प्रभावित होने से महावीर मंदिर की भोजन सेवाओं पर आंशिक असर, वैकल्पिक व्यवस्था शुरू,

गैस की किल्लत का असर अब धार्मिक और सामाजिक सेवाओं पर भी दिखाई देने लगा है। पटना जंक्शन स्थित महावीर मंदिर की ओर से अयोध्या में संचालित राम रसोई, नवैद्यम तथा महावीर मंदिर के दरिद्र नारायण भोजन की व्यवस्था गैस आपूर्ति प्रभावित होने के कारण आंशिक रूप से प्रभावित हुई है। मंदिर प्रशासन ने स्थिति को संभालने के लिए वैकल्पिक उपाय करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।महावीर स्थान न्यास समिति के सचिव सायण कुणाल ने बताया कि समस्या से निपटने के लिए कई वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भोजन बनाने के लिए इंडक्शन, बायोगैस, स्टीम बेस्ड कुकिंग और इलेक्ट्रिक कुकर जैसे विकल्पों को अपनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। इन उपायों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि राम रसोई और दरिद्र नारायण भोजन की सेवा नियमित रूप से जारी रह सके और श्रद्धालुओं को समय पर भोजन उपलब्ध कराया जा सके। साथ ही नवैद्यम तैयार करने के लिए भी आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।राम रसोई में प्रतिदिन भोजन करने वाले लोगों की संख्या में भी बदलाव देखा गया है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार 13 मार्च को 1970 लोगों ने भोजन किया, जबकि 12 मार्च को 1853, 11 मार्च को 1938, 10 मार्च को 4876, 9 मार्च को 4916, 8 मार्च को 7033, 7 मार्च को 6403 और 6 मार्च को 6330 लोगों ने भोजन ग्रहण किया था।मंदिर प्रशासन का कहना है कि सेवा कार्यों को निरंतर बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं और जरूरतमंदों को भोजन की सुविधा निर्बाध रूप से मिलती रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *