ग्वालियर, मध्यप्रदेश – प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र में निवेश को प्रोत्साहित करने और ग्वालियर–चंबल एवं सागर संभाग में पर्यटन की नई संभावनाओं को गति देने के उद्देश्य से 29 एवं 30 अगस्त को ग्वालियर में रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव आयोजित किया जाएगा।इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव निवेशकों से सीधे संवाद कर प्रदेश में पर्यटन विकास की संभावनाओं से अवगत कराएंगे। यह आयोजन राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय, ग्वालियर में होगा।कॉन्क्लेव में केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।पर्यटन, संस्कृति और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य पर्यटकों की संख्या में वृद्धि, पर्यटन व्यवसायियों, टूर ऑपरेटर्स और होटल इंडस्ट्री के बीच सहयोग बढ़ाना एवं निवेश को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि इससे ग्वालियर के पर्यटन क्षेत्र में निवेश को नया आयाम मिलेगा।यह कॉन्क्लेव “टाइमलेस ग्वालियर: इकोज़ ऑफ़ कल्चर, स्पिरिट ऑफ़ लेगेसी” थीम पर आधारित होगा और इसमें पर्यटन निवेश, सांस्कृतिक धरोहर, अनुभवात्मक पर्यटन तथा क्षेत्रीय विकास पर विशेष फोकस किया जाएगा।