मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश सरकार मध्यप्रदेश के समग्र विकास के लिए संकल्पित है। हम हर व्यक्ति के जीवन में उजाला लाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि ग्वालियर-चंबल क्षेत्र शीघ्र ही राज्य का सबसे विकसित क्षेत्र बनेगा।मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को ग्वालियर स्थित आईएसबीटी परिसर में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने ₹265.56 करोड़ की लागत से तैयार किए गए विभिन्न विकास कार्यों का रिमोट का बटन दबाकर लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में उन्होंने विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को मंच से हितलाभ भी वितरित किए।मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी भूमि बेचने का विचार न करें, क्योंकि निकट भविष्य में इस क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर और विकास की नई धाराएं प्रवाहित होने वाली हैं।

डॉ. यादव ने बताया कि प्रदेश में नदियों को जोड़ने का व्यापक अभियान चल रहा है। केंद्र सरकार के सहयोग से पार्वती, कालीसिंध और चंबल नदियों को जोड़ने की राष्ट्रीय नदी लिंक परियोजना पर करीब ₹70,000 करोड़ की लागत से कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही केन-बेतवा राष्ट्रीय नदी लिंक परियोजना से भी ग्वालियर-चंबल अंचल के किसानों को व्यापक लाभ मिलने वाला है।मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र में कृषि, सिंचाई और जलप्रबंधन के क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन आएंगे और यह अंचल प्रदेश की आर्थिक रीढ़ के रूप में स्थापित होगा।