ग्राम पंचायत ममरहा द्वितीय में भ्रष्टाचार एवं शासकीय भूमि पर अतिक्रमण हटाने की माँग,

ग्राम पंचायत भमरहा द्वितीय के ग्रामीणों ने महामहिम राज्यपाल महोदय को ज्ञापन सौंपकर ग्राम में व्याप्त भ्रष्टाचार, भू-माफियाओं द्वारा शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण और बुनियादी सुविधाओं की कमी पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि ममरहा द्वितीय आदिवासी बहुल क्षेत्र है, जहाँ जल, जंगल और जमीन जीवन-यापन का प्रमुख साधन रहा है, किंतु वर्तमान में भू-माफियाओं और प्रशासनिक लापरवाही के कारण ग्रामीणों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में रखी गई प्रमुख माँगें :

  1. ग्राम की शासकीय भूमि से भू-माफियाओं का कब्जा हटाकर अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य भवन एवं बच्चों के खेल मैदान हेतु भूमि सुरक्षित की जाए।
  2. ग्राम में अवैध परिवहन वसूली पर रोक लगाकर इसमें शामिल लोगों पर कठोर कार्रवाई की जाए।
  3. कैथा चौराहा से धरतिन टोला मार्ग तक कीचड़युक्त सड़क को तत्काल दुरुस्त कर नई सड़क बनाई जाए।
  4. क्षेत्र में संचालित अवैध खदानों और क्रेशरों को बंद कर गड्ढों को मिट्टी-मुरम डालकर सुरक्षित किया जाए तथा तार फेंसिंग की जाए।
  5. ग्राम के भरेगा टोला, नई बस्ती निमिहाई में शीघ्र विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
  6. इमली टोला में कम वोल्टेज की समस्या दूर करने हेतु बड़ा ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाए।
  7. रीवा रोड से भोगा टोला मार्ग को ग्रेवल सड़क के रूप में स्वीकृत कर शीघ्र निर्माण कराया जाए।
  8. वंशल (बसोर) जाति के भूमिहीन परिवारों को राजस्व भूमि आवंटित की जाए।
  9. गाँव में छोड़े जा रहे आवारा मवेशियों से फसलों को बचाने हेतु गोशाला का निर्माण कराया जाए।
  10. पंकज सागर तालाब की टूटी मेड़ और संरचना को संबंधित कंपनी से दुरुस्त कराया जाए ताकि जल संरक्षण सुरक्षित हो सके।
  11. रीवा से टेटका मार्ग पर बनाए गए टोल नाके को 10 किमी के दायरे के ग्रामीणों हेतु निशुल्क किया जाए तथा सड़क निर्माण में प्रभावित परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराया जाए।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही इस संबंध में प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो वे धरना, प्रदर्शन और आमरण अनशन करने को बाध्य होंगे। ग्रामीणों ने महामहिम राज्यपाल महोदय से निवेदन किया है कि क्षेत्र के हित और आदिवासी समाज के सम्मान की रक्षा हेतु त्वरित हस्तक्षेप किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *