गोंडवाना गणतंत्र पार्टी द्वारा स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण, आदिवासी पूर्वजों के योगदान को किया याद,

भोपाल, 15 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी द्वारा प्रदेश कार्यालय भोपाल में ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष इंजीनियर कमलेश तेकाम ने ध्वज फहराया और राष्ट्रध्वज को सलामी दी। कार्यक्रम में प्रदेश संगठन मंत्री तेज प्रताप उइके सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।ध्वजारोहण उपरांत कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष कमलेश तेकाम ने कहा कि देश की आज़ादी में आदिवासी समाज के पूर्वजों का विशेष योगदान रहा है। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान भारत के कोने-कोने से विभिन्न समुदायों ने मिलकर ब्रिटिश शासन के खिलाफ संघर्ष किया, जिसमें आदिवासी नायकों की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण रही।

उन्होंने बिरसा मुंडा, टंट्या भील, रानी दुर्गावती जैसे महान योद्धाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन क्रांतिकारियों ने न केवल अपने समुदाय बल्कि पूरे देश के लिए बलिदान दिया।कमलेश तेकाम ने आगे कहा, “भारत की आज़ादी केवल किसी एक धर्म, वर्ग या समुदाय की नहीं थी, बल्कि यह सभी धर्मों और समाज के लोगों की एकजुटता और बलिदान का परिणाम है। यह हमारे लिए गर्व की बात है कि हम उस देश के नागरिक हैं, जिसकी नींव विविधता और एकता पर आधारित है।”प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे समाज में समरसता, शांति और एकता बनाए रखें तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि आज़ादी का वास्तविक अर्थ तभी साकार होगा जब हर वर्ग को बराबरी का हक मिले और सभी को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर प्राप्त हो।कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्रगान गाया गया और उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने तिरंगे के समक्ष देश सेवा, समाज कल्याण और लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *