खजुराहो और पन्ना क्षेत्र में बढ़ रही पर्यटन सुविधाएँ: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया ‘होटल द ओबेरॉय राजगढ़ पैलेस’ का शुभारंभ,

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि विश्व धरोहर स्थल खजुराहो और उसके आसपास स्थित पन्ना टाइगर रिजर्व को विश्व स्तरीय पर्यटन सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि खजुराहो में एयरपोर्ट पहले से उपलब्ध है और अब प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने वाराणसी से खजुराहो के लिए नई वंदे भारत ट्रेन की सौगात देकर बुंदेलखंड को नई दिशा दी है। इससे क्षेत्र का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व भी बढ़ा है, क्योंकि प्रसिद्ध मतंगेश्वर महादेव अब सीधे काशी विश्वनाथ से जुड़ गए हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटकों के लिए लगातार नई सुविधाएँ बढ़ा रही है। इसी दिशा में सरकार ने पीएमश्री हेली टूरिस्ट सर्विस की शुरुआत की है, जिससे हेली-टूरिज़्म को बढ़ावा मिल रहा है। साथ ही इंटर-स्टेट हवाई सेवा और एयर एंबुलेंस जैसी सुविधाएँ भी प्रदेशवासियों को उपलब्ध कराई गई हैं। इन सभी प्रयासों का उद्देश्य पर्यटकों को सुरक्षित, सुगम और उच्च स्तरीय अनुभव प्रदान करना है।डॉ. यादव ने बताया कि मध्यप्रदेश में आने वाले पर्यटकों की संख्या में पिछले वर्षों की तुलना में 526 प्रतिशत से अधिक वृद्धि दर्ज हुई है। बीते वर्ष 13 करोड़ 41 लाख से अधिक पर्यटक मध्यप्रदेश आए, जो राज्य की बढ़ती पर्यटन संभावनाओं का प्रमाण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में राज्य की पर्यटन प्रोत्साहन योजनाओं के कारण यह संख्या और अधिक बढ़ेगी।मुख्यमंत्री खजुराहो में आयोजित एक कार्यक्रम में ‘होटल द ओबेरॉय राजगढ़ पैलेस’ के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलन और फीता काटकर होटल का विधिवत उद्घाटन किया। इस मौके पर ओबेरॉय ग्रुप के स्वामी श्री अर्जुन ओबेरॉय ने पुष्पगुच्छ और शॉल भेंट कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

विशिष्टजन एवं अधिकारी रहे उपस्थित

कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री श्री दिलीप अहिरवार, विधायक श्री अरविंद पटेरिया, विधायक श्रीमती ललिता यादव, विधायक श्री राजेश शुक्ला, विधायक श्री कामाख्या प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती विद्या अग्निहोत्री, अपर मुख्य सचिव संस्कृति एवं पर्यटन श्री शिव शेखर शुक्ला, डीआईजी विजय खत्री, कलेक्टर श्री पार्थ जैसवाल, एसपी श्री अगम जैन, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा ओबेरॉय ग्रुप के स्टाफ मेंबर्स उपस्थित रहे।


खजुराहो के विकास का नया दौर

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि खजुराहो को ईश्वर का विशेष आशीर्वाद प्राप्त है और यहां की प्राचीन स्थापत्य कला दुनिया भर के पर्यटकों को आकर्षित करती है। उन्होंने कहा कि ओबेरॉय ग्रुप के राजगढ़ पैलेस होटल के माध्यम से खजुराहो विकास और समृद्धि के नए दौर में प्रवेश कर रहा है।उन्होंने बताया कि बुंदेलखंड के विकास के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। खजुराहो कभी महाराजा छत्रसाल की राजधानी रहा है और क्षेत्र में आल्हा-ऊदल की वीरगाथाएँ आज भी लोगों में उत्साह और गर्व भर देती हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि 70 एकड़ में बने इस भव्य राजगढ़ पैलेस होटल से न केवल पर्यटन को नई पहचान मिलेगी, बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार और विविध आर्थिक अवसर भी प्राप्त होंगे। इस परियोजना से घरेलू और विदेशी दोनों तरह के पर्यटकों को विश्वस्तरीय सुविधाएँ मिलेंगी, जिससे बुंदेलखंड पर्यटन एक नए मुकाम पर पहुंचेगा।


खजुराहो—दुनिया के नक्शे पर एक वैश्विक पर्यटन ब्रांड

कार्यक्रम में उपस्थित क्षेत्रीय सांसद श्री वीडी शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश के लिए यह एक ऐतिहासिक दिन है। खजुराहो एक विश्व धरोहर स्थल है और यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में देश-विदेश के पर्यटक आते हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने भारत भर में 17 आइकोनिक सिटी का चयन किया है, जिनमें खजुराहो भी शामिल है।उन्होंने बताया कि खजुराहो अब हवाई सेवा और सुपरफास्ट वंदे भारत रेल कनेक्टिविटी दोनों से जुड़ चुका है। सांसद शर्मा ने यह भी कहा कि पास ही स्थित पन्ना टाइगर रिजर्व विदेशी पर्यटकों का विशेष आकर्षण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जैसे पन्ना अपने हीरों के लिए विश्व प्रसिद्ध है, वैसे ही भविष्य में राजगढ़ पैलेस होटल ‘होटल इंडस्ट्री का डायमंड’ बनकर सामने आएगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *