भोपाल, दिनांक 01 जुलाई 2025 तिलक नगर, एयरपोर्ट रोड निवासी परबीन खानम पति नियामत उल्लाहसमी द्वारा एक गंभीर प्रशासनिक लापरवाही की शिकायत सामने आई है। वर्ष 2023 में ग्राम पंचायत बरखेड़ी अब्दुल्ला के खसरा क्रमांक 33 अंतर्गत कुल 3 एकड़ भूमि में से 2 एकड़ भूमि उन्होंने श्री सलीम उद्दीन बलदियात फरीद उद्दीन से खरीदी थी। किन्तु उस समय पंचायत जुर्माना राशि जमा न होने के कारण संबंधित अनुविभागीय अधिकारी द्वारा भूमि बटांकन पर रोक लगा दी गई थी।परबीन खानम ने बताया कि दिनांक 24 जून 2025 को उक्त जुर्माने की राशि मूल भूमि स्वामी द्वारा जमा कर दी गई थी, जिसके उपरांत बटांकन की कार्यवाही प्रारंभ होनी थी। परंतु दिनांक 1 जुलाई 2025 को जब उन्होंने खसरा प्रतिलिपि प्राप्त की, तो उन्हें ज्ञात हुआ कि खसरा में बिना सूचना के पहले ही बटांकन की प्रक्रिया किसी अन्य हिस्से पर की जा चुकी है, जबकि उनकी खरीदी गई 2 एकड़ भूमि का अभी तक कोई बटांकन नहीं किया गया है।
यह मामला प्रशासनिक लापरवाही और क्षेत्रीय पटवारी की निष्क्रियता की ओर इशारा करता है, जिससे पीड़िता को मानसिक, कानूनी और आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।