कतर पर इज़रायली हवाई हमले को लेकर पाकिस्तान की प्रतिक्रिया,

कतर पर हुए इज़रायली हवाई हमले के बाद पाकिस्तान सरकार की ओर से तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ और विदेश मंत्री इशाक डार ने इज़रायल की कार्रवाई की कड़ी निंदा की है। दोनों नेताओं ने लगातार बयानों में इज़रायल पर हमला बोला है और मुस्लिम देशों की एकजुटता की अपील की है।इशाक डार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पाकिस्तान अपनी क्षेत्रीय अखंडता और मुस्लिम देशों की रक्षा के लिए हरसंभव कदम उठाने को तैयार है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी भी मुस्लिम देश पर हमला हुआ तो उसका जवाब दिया जाएगा। हालांकि, विदेश मंत्रालय ने यह स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर वायरल कुछ वीडियो और बयान फर्जी हैं तथा पाकिस्तान ने आधिकारिक रूप से परमाणु हथियारों के इस्तेमाल की कोई धमकी नहीं दी है।पाकिस्तानी विदेश मंत्री ने अमेरिका को अब भी “भरोसेमंद साझेदार” बताते हुए कहा कि हाल ही में भारत और पाकिस्तान के बीच मई माह में हुए तनाव के दौरान अमेरिका ने सकारात्मक भूमिका निभाई थी। वहीं भारत सरकार का रुख अलग है और उसने हमेशा कहा है कि युद्धविराम पूरी तरह द्विपक्षीय निर्णय था, किसी तीसरे पक्ष की भूमिका इसमें नहीं थी।गौरतलब है कि मई 2025 में “ऑपरेशन सिंदूर” के दौरान भारत ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में कई आतंकी ठिकानों पर हवाई और मिसाइल हमले किए थे। इसके बाद दोनों देशों के बीच 7 से 10 मई तक जबरदस्त तनाव की स्थिति बनी थी, जिसका अंत संघर्षविराम पर हुआ।वर्तमान में कतर पर इज़रायली हमले और उस पर पाकिस्तान की प्रतिक्रिया ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भू-राजनीतिक तनाव को बढ़ा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *