मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को आयोजित नीति आयोग की शासी परिषद की 10वीं बैठक में भाग लिया और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की। डॉ. यादव ने बताया कि बैठक में देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों और प्रतिनिधियों ने सहभागिता की, जिससे उपस्थिति के मामले में यह बैठक अब तक की सबसे ऐतिहासिक रही।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बैठक के पश्चात मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में “विकसित भारत – विकसित प्रदेश” का सपना साकार हो रहा है। उन्होंने “ऑपरेशन सिंदूर” की सफलता के लिए प्रधानमंत्री को बधाई दी और कहा कि यह भारत की सुरक्षा क्षमता का प्रतीक है। डॉ. यादव ने कहा, “आधुनिक तकनीक के माध्यम से आतंकियों को उनके घर में घुसकर मारना एक बड़ी उपलब्धि है और यह नए भारत की सैन्य शक्ति और रणनीतिक कौशल का परिचायक है।”मुख्यमंत्री ने बताया कि बैठक में सभी राज्यों ने अपने-अपने मुद्दे और सुझाव साझा किए, जिससे नीति निर्माण की प्रक्रिया में विविधता और समावेशिता सुनिश्चित हुई है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार केंद्र के साथ समन्वय कर राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रमुख बिंदु:
विकास कार्यों की प्रस्तुति: सभी राज्यों ने अपने-अपने विकास कार्यों का प्रस्तुतीकरण किया, जिसमें मध्यप्रदेश सरकार ने भी अपनी उपलब्धियां साझा कीं।
वर्ष 2047 का संकल्प: बैठक में यह सर्वसम्मति बनी कि भारत को वर्ष 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनाया जाएगा।
30 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत की अर्थव्यवस्था को 30 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा।
राज्यों की भूमिका: राज्यों से आह्वान किया गया कि वे इस लक्ष्य की पूर्ति के लिए अपना योगदान दें।
जनकल्याणकारी योजनाएं: गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए योजनाएं चलाकर उन्हें सशक्त किया जाए।