ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से दुनिया ने देखा नया शक्ति संपन्न भारत : मुख्यमंत्री डॉ. यादव,

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि बदलते दौर के भारत ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में यह स्पष्ट संदेश दे दिया है कि अब आतंकवाद को देश कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा चलाया गया ऑपरेशन सिंदूर इसका जीवंत उदाहरण है। यह केवल एक सैन्य अभियान नहीं, बल्कि भारत के संकल्प, साहस और शक्ति का प्रतीक है। ऑपरेशन सिंदूर ने दुनिया को यह दिखा दिया है कि भारतीय सेनाएं किसी भी चुनौती का डटकर सामना करने में सक्षम हैं।मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरुवार की शाम भोपाल के रोशनपुरा चौराहे से प्रारंभ हुई तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “प्रधानमंत्री मोदी ने स्पष्ट कर दिया है कि ऑपरेशन सिंदूर रुकेगा नहीं। हमारे देश के किसी भी कोने में अगर कोई आतंकवादी गतिविधि करेगा तो भारत उसे घर में घुसकर मारेगा।”

इस अवसर पर विभिन्न धर्मगुरु, वरिष्ठ सांसद श्री वीडी शर्मा, सांसद श्री आलोक शर्मा, श्री महेंद्र सिंह, मंत्री श्री विश्वास सारंग, भोपाल की महापौर श्रीमती मालती राय, विधायक श्री रामेश्वर शर्मा, श्री भगवानदास सबनानी, श्री राहुल कोठारी, श्री सुमित पचौरी, श्री रविंद्र यति सहित अनेक जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।तिरंगा यात्रा में अनेक समुदायों के प्रतिनिधि और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लिए नागरिकों ने देशभक्ति का अद्भुत प्रदर्शन किया। यात्रा ने जनमानस में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का भाव जाग्रत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *