एनसीसी कैडेट्स अनुशासन और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा का प्रतीक: राज्यपाल मंगुभाई पटेल,

राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा कि परेड अनुशासन, समन्वय और सामूहिक शक्ति का बेहतरीन उदाहरण होती है, जो हर देशवासी को देशभक्ति और ऊर्जा से भर देती है। गणतंत्र दिवस 2026 की राष्ट्रीय परेड में शामिल प्रत्येक एन.सी.सी. कैडेट अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रप्रेम का प्रतीक है। राजधानी के कर्तव्य पथ पर कैडेट्स की गरिमामयी और प्रभावी सहभागिता ने प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।राज्यपाल श्री पटेल सोमवार को लोकभवन के सांदीपनि सभागार में आयोजित एन.सी.सी. एट होम समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने गणतंत्र दिवस 2026 की राष्ट्रीय परेड एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं में पदक और उपलब्धियां प्राप्त करने वाले मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ एन.सी.सी. निदेशालय के कैडेट्स को सम्मानित किया। राज्यपाल ने राष्ट्रीय स्तर पर ओवरऑल तीसरा स्थान प्राप्त करने पर निदेशालय को बधाई देते हुए भविष्य में प्रथम स्थान प्राप्त करने की शुभकामनाएं दी। समारोह में राज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी भी उपस्थित रहे।राज्यपाल ने कहा कि एन.सी.सी. कैडेट्स को शिक्षित और अनुशासित होने के साथ-साथ संस्कारवान भी बनना चाहिए। उन्होंने युवाओं से माता-पिता, गुरुजनों, प्रशिक्षकों और वरिष्ठों का सम्मान करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संविधान के मूल मूल्य—न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व—को अपने जीवन में उतारकर गरीब, वंचित और जरूरतमंद वर्गों के कल्याण में योगदान दें।राज्यपाल श्री पटेल ने युवाओं से स्वच्छता, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, डिजिटल साक्षरता और स्वास्थ्य जागरूकता जैसे क्षेत्रों में समाज का नेतृत्व करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक युवा “हम दिन चार रहे न रहे, माँ तेरा वैभव सदा रहे” के भाव के साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाए और जीवन के प्रत्येक क्षण को राष्ट्रप्रेम और कर्तव्यनिष्ठा के साथ जिए।

राज्यपाल ने समारोह में प्रस्तुत एन.सी.सी. कैडेट्स की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ये प्रस्तुतियां जोश, जुनून और जज़्बे का जीवंत उदाहरण हैं। “ऐ मेरे भारत की नारी, तू है महान” और “नव भारतम्–श्रेष्ठ भारतम्” जैसी प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत की विविधता में एकता और नारी शक्ति का सशक्त संदेश दिया गया।कार्यक्रम में मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ एन.सी.सी. निदेशालय के अतिरिक्त महानिदेशक मेजर जनरल जे.पी. सिंह ने राज्यपाल का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर अभिनंदन किया। उन्होंने स्वागत उद्बोधन देते हुए रिपब्लिक डे कैंप-2026 में प्रदेश की सहभागिता की जानकारी दी। सीनियर अंडर ऑफिसर सुश्री प्रथा सिंह उमठ ने रिपब्लिक डे कैंप-2026 के अपने अनुभव साझा किए।कार्यक्रम में राज्यपाल के अपर सचिव श्री उमाशंकर भार्गव, मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ एन.सी.सी. निदेशालय के अधिकारी-कर्मचारी, एन.सी.सी. कैडेट्स तथा उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *