उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने नववर्ष पर बसामन मामा गौवंश वन्य विहार में गौपूजन कर प्रदेश की समृद्धि की कामना की,

प मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने नववर्ष के प्रथम दिवस पर रीवा स्थित बसामन मामा गौवंश वन्य विहार में गौपूजन कर गौमाताओं का आशीर्वाद लिया। उन्होंने गौमाता को गुड़ एवं गौग्रास खिलाया तथा भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और मंगलमय भविष्य की कामना की। नववर्ष की प्रभात बेला में रात्रि विश्राम के उपरांत उन्होंने पुनः गौमाताओं की सेवा कर उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया।इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने बसामन मामा गौवंश वन्य विहार में आयोजित गोलोक दर्शन महोत्सव का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि गोलोक दर्शन के माध्यम से आमजन को गौशाला का भ्रमण कर गौपूजन करने का अवसर मिलेगा, जिससे गौसंरक्षण एवं गौसेवा के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि गौमाता भारतीय संस्कृति और परंपरा का अभिन्न अंग हैं तथा उनकी सेवा से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने गौवंश वन्य विहार में संचालित गतिविधियों एवं प्रचलित निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि द्वितीय चरण में गौवंश वन्य विहार से लगी 16 एकड़ भूमि पर नवीन गौशाला का निर्माण कराया जाएगा, जहां दुधारू गायों एवं उन्नत नस्ल के गौवंश का संरक्षण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह के आगमन से गौवंश वन्य विहार के विकास कार्यों को नई ऊर्जा और प्रोत्साहन मिला है। राज्य सरकार का लक्ष्य इसे देश की सर्वोत्तम और अत्याधुनिक गौशाला के रूप में विकसित करना है।उप मुख्यमंत्री ने गौवंश वन्य विहार में चारागाह विकास का कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वहां उत्पन्न होने वाले चारे को काटकर गौग्रास के रूप में गौशाला तक पहुंचाने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि गौवंश को पौष्टिक आहार उपलब्ध हो सके। साथ ही उन्होंने गौवंश वन्य विहार की बाउंड्रीवाल निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों से संबंधित लंबित भुगतानों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने गौसेवकों के मानदेय में वृद्धि का अनुमोदन करते हुए कहा कि गौसेवकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और उनके परिश्रम का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने गौशाला में गोमूत्र संग्रहण की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, जिससे जैविक खेती और अन्य उपयोगों को बढ़ावा मिल सके।

उन्होंने बताया कि आगामी फरवरी माह में बसामन मामा गौवंश वन्य विहार में संत श्री राजेन्द्रदास जी महाराज की कथा का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर श्री राजेन्द्रदास जी महाराज गौकथा एवं प्राकृतिक खेती के महत्व पर अपने विचार साझा करेंगे। उप मुख्यमंत्री ने संतों के आवास हेतु प्रस्तावित ऋषि कुलम के निर्माण कार्य को तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए।कार्यक्रम के अंत में उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने प्रसादालय में प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक श्री के.पी. त्रिपाठी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं गौशाला से जुड़े गौसेवक एवं नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *