
बरसात के मौसम में शहर की सड़कों पर बने गड्ढ़ों से परेशान शहरवासियों को अब राहत मिलने जा रही है। नगर निगम इंदौर ने मानसून समाप्त होते ही शहर की प्रमुख सड़कों पर डामरीकरण एवं पेंचवर्क का कार्य प्रारंभ कर दिया है। गुरुवार रात से यह अभियान शुरू हुआ, जिसके तहत एमजी रोड, तुकोगंज, चंद्र नगर रोड, मधुमिलन मार्ग सहित कई महत्वपूर्ण मार्गों पर मरम्मत कार्य किए गए।नगर निगम ने तय किया है कि इन कार्यों को रात के समय किया जाएगा, ताकि दिन में यातायात बाधित न हो और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस पहल से न केवल वाहन चालकों को राहत मिलेगी बल्कि बारिश के कारण बढ़े सड़क हादसों पर भी रोक लगेगी।
कांग्रेस का विरोध और नगर निगम की कार्रवाई
पिछले कुछ सप्ताह से खराब सड़कों को लेकर विपक्ष ने निगम परिषद को घेरना शुरू कर दिया था। गुरुवार को कांग्रेस नेताओं ने मुसाखेड़ी क्षेत्र में जर्जर सड़क पर धरना देकर प्रदर्शन किया था। इसके अलावा निगम परिषद के सम्मेलन में भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस ने नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क सुधार कार्यों में तेजी लाने की मांग की थी।इसके तुरंत बाद निगम प्रशासन ने गुरुवार रात से ही कई प्रमुख मार्गों पर पेंचवर्क प्रारंभ कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में शहर के अन्य क्षेत्रों में भी तेज गति से डामरीकरण कार्य किया जाएगा।
इंदौर में वर्तमान समय में कई विकास कार्य चल रहे हैं जिनमें ब्रिज निर्माण, सीवरेज लाइन बिछाने और मेट्रो ट्रैक का निर्माण शामिल है। इन कार्यों के चलते कई मार्गों की सड़कों की स्थिति और भी खराब हो गई थी। सत्यसांई चौराहा की सर्विस रोड, एमआर-10 रोड, खजराना सर्विस रोड, अटल द्वार रोड सहित कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढ़े हो गए थे, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।विशेष रूप से मेघदूत गार्डन मार्ग पर सड़क धंसने का मामला सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में रहा। जांच में सामने आया कि एक टेलीकॉम कंपनी के ठेकेदार ने बिना अनुमति के सड़क की खुदाई की थी, जिसके कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई। इस पर नगर निगम ने कड़ी कार्रवाई करते हुए संबंधित ठेकेदार पर जुर्माना लगाया और आगे से इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए सख्त निर्देश जारी किए।नगर निगम अधिकारियों ने कहा है कि उनका प्रयास है कि शहरवासियों को जल्द से जल्द गड्ढ़ामुक्त सड़कों की सुविधा उपलब्ध हो। बारिश से प्रभावित सभी प्रमुख मार्गों पर चरणबद्ध तरीके से पेंचवर्क और डामरीकरण किया जाएगा। निगम ने यह भी कहा कि जहां बड़े निर्माण कार्य चल रहे हैं, वहां कार्य समाप्त होते ही सड़कों की मरम्मत तत्काल की जाएगी।