इंजीनियरों की क्षमता से साकार होगा विकसित भारत@2047 का संकल्प : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव,

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि इंजीनियरों की क्षमता, दक्षता और नवाचार के आधार पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के विजन को साकार किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग अपने नाम के अनुरूप “लोक” अर्थात जनता और “निर्माण” अर्थात सृजन के माध्यम से राज्य के जन-जन की सेवा के संकल्प को निरंतर आगे बढ़ा रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एक कुशल राजनेता होने के साथ सन्यासी भाव से भारत की प्रगति और क्षमता निर्माण के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं।मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को रवीन्द्र भवन, भोपाल में लोक निर्माण विभाग के नवाचारों, डिजिटल पहलों एवं अभियंताओं की क्षमता निर्माण पर केंद्रित राज्य स्तरीय कार्यक्रम सह प्रशिक्षण सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग में विकास कार्यों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की अपार क्षमता है। भारतीय संस्कृति और इतिहास में तकनीक एवं निर्माण का गौरवशाली उदाहरण मिलता है। भगवान श्रीराम के काल में नल और नील ने समुद्र पर सेतु निर्माण की तकनीक विकसित की थी और भगवान विश्वकर्मा द्वारा निर्मित पुष्पक विमान में सभी को साथ लेकर चलने का भाव निहित था। वर्तमान समय में भी निर्माण कार्यों का उद्देश्य सभी के जीवन को सुगम बनाना और विकास के अवसर उपलब्ध कराना है।कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्यमंत्री डॉ. यादव के मुख्य आतिथ्य में वंदे मातरम् का सामूहिक गान हुआ। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम स्थल पर उनके आगमन पर जनजातीय कलाकारों द्वारा पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ मंगल गान प्रस्तुत कर स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री को अंगवस्त्रम, सम्राट विक्रमादित्य की प्रतिमा एवं तुलसी का पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने लोक निर्माण विभाग द्वारा विकसित कैपेसिटी बिल्डिंग फ्रेमवर्क 2026 का विमोचन किया, जो अभियंताओं के प्रशिक्षण, कौशल उन्नयन एवं आधुनिक परियोजना प्रबंधन में मार्गदर्शन प्रदान करेगा। साथ ही उन्होंने लोकपथ मोबाइल ऐप के उन्नत संस्करण – लोकपथ 2.0 का लोकार्पण भी किया। यह ऐप सड़क रखरखाव की निगरानी, नागरिक शिकायतों के त्वरित समाधान, रूट प्लानिंग, ब्लैक स्पॉट अलर्ट, आपातकालीन SOS सुविधा तथा सड़क किनारे उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्रदान कर नागरिकों के लिए एक समग्र, उपयोगकर्ता-अनुकूल डिजिटल प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराएगा।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने लोक निर्माण विभाग द्वारा विगत दो वर्षों में किए गए नवाचारों एवं सुधारात्मक प्रयासों पर आधारित पुस्तिका का भी विमोचन किया। इसमें डिजिटल समाधान, गुणवत्ता नियंत्रण, पर्यावरण संरक्षण, नई निर्माण तकनीकों एवं आधुनिक प्रबंधन प्रणालियों की जानकारी दी गई है। कार्यक्रम में कैपेसिटी बिल्डिंग फ्रेमवर्क, लोकपथ 2.0 ऐप तथा विभाग की गतिविधियों पर आधारित लघु फिल्मों का प्रदर्शन भी किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज देश के इंजीनियर समुद्र पर पुल, पहाड़ों में सुरंग और विश्वस्तरीय हाईवे का निर्माण कर रहे हैं। लोक निर्माण विभाग का प्रत्येक कार्य जनसामान्य के कल्याण के लिए है और गुणवत्ता व संवेदनशीलता के साथ किए गए निर्माण कार्य जन-जीवन को सुरक्षित, सरल और सुविधाजनक बनाते हैं।लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने कहा कि लोक निर्माण विभाग प्रदेश की गति, दिशा और विकास की रीढ़ है। विभाग द्वारा निर्मित सड़कें किसानों, विद्यार्थियों, मरीजों और उद्योगों को अवसरों से जोड़ती हैं। उन्होंने कहा कि अगले दो वर्षों में मध्यप्रदेश का लोक निर्माण विभाग देश के सबसे दक्ष इंजीनियरों का समूह बनेगा।कार्यक्रम में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव श्री सुखबीर सिंह ने कहा कि विभाग अगले तीन वर्षों के लक्ष्यों और विकसित भारत@2047 के अनुरूप समयबद्ध अधोसंरचना विकास के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारी, विशेषज्ञ एवं 1500 से अधिक अभियंता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *