आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी छात्र सन्नी कुमार सेन ने मुख्यमंत्री से की निशुल्क शिक्षा की अपील,

राजधानी भोपाल के एक प्रतिभावान छात्र सन्नी कुमार सेन ने प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से निशुल्क शिक्षा या छात्रवृत्ति प्रदान करने की अपील की है। सन्नी ने बताया कि वह गांधी नगर रोड एयरपोर्ट क्षेत्र में स्थित कॉलेज में प्रवेश लेना चाहता है, किंतु उसके माता-पिता की आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर है, जिससे वह कॉलेज की 70,000 रुपये वार्षिक फीस वहन करने में असमर्थ हैं।सन्नी कुमार सेन ने अपने निवेदन में बताया कि वे उच्च शिक्षा प्राप्त कर अपना भविष्य उज्ज्वल बनाना चाहते हैं तथा समाज और राष्ट्र की सेवा करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री मेधावी छात्र योजना और मुख्यमंत्री प्रतिभाशाली छात्र योजना के अंतर्गत आने वाले सभी मानकों पर खरे उतरते हैं। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने 12वीं परीक्षा में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं और उनके माता-पिता की वार्षिक आय 6 लाख रुपये से कम है।गौरतलब है कि मध्यप्रदेश शासन की उक्त योजनाओं के अंतर्गत ऐसे छात्र जो मेधावी हैं या आर्थिक रूप से कमजोर हैं, उन्हें उच्च शिक्षा हेतु शासकीय सहायता प्रदान की जाती है, चाहे वे शासकीय कॉलेजों में अध्ययनरत हों अथवा निजी कॉलेजों में।सन्नी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से निवेदन किया है कि उन्हें चार वर्षों तक की शिक्षा के लिए निशुल्क फीस अथवा छात्रवृत्ति प्रदान की जाए जिससे वे बिना किसी आर्थिक बाधा के अपनी पढ़ाई पूरी कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि वे इस सहायता के लिए सदैव मुख्यमंत्री और सरकार के आभारी रहेंगे।यह मांग न केवल एक छात्र की व्यक्तिगत समस्या को रेखांकित करती है, बल्कि प्रदेश में ऐसे सैकड़ों विद्यार्थियों की आवश्यकता को भी सामने लाती है जो प्रतिभाशाली होने के बावजूद आर्थिक कठिनाइयों के कारण शिक्षा से वंचित रह जाते हैं।सन्नी की इस अपील से यह संदेश जाता है कि सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी विद्यार्थियों तक पहुँच रही है और वे विश्वासपूर्वक शासन से सहायता की अपेक्षा रखते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *