पन्ना कलेक्टर सुरेश कुमार के निर्देश पर पन्ना जिले में आबकारी विभाग द्वारा लगातार अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है । जिला आबकारी अधिकारी श्री मुकेश मौर्य के मार्गदर्शन में सहायक जिला आबकारी अधिकारी शंभू दयाल जाटव के नेतृत्व में पन्ना वृत्त प्रभारी आबकारी उपनिरीक्षक मुकेश कुमार पाण्डेय के द्वारा पवई सलेहा मार्ग पर एक मोटर साइकिल पर 340 पाव देशी शराब सादा अवैध परिवहन करते हुए एक आरोपी को धर दबोचा जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया । आबकारी उपनिरीक्षक मुकेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि विश्वस्त मुखबिर से सूचना मिली थी, कि एक बिना नंबर की मोटर साइकिल से दो व्यक्ति पवई की तरफ से भारी मात्रा में अवैध शराब का परिवहन कर रहे है । उक्त सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और उनके निर्देश पर आबकारी दल शंकरगढ़ तिराहे को रवाना हुआ । वहां छिपकर इंतजार करने पर कुछ देर पश्चात एक संदिग्ध मोटर साइकिल आती दिखी, आबकारी दल द्वारा उस मोटर साइकिल को रोका गया तो उस पर सवार दोनों संदिग्ध व्यक्तियों ने भागने का प्रयास किया, जिसमें एक व्यक्ति को भागने में सफलता मिल गई और दूसरा व्यक्ति मौके पर पकड़ा गया । पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम प्रिंस सिंह बुंदेला पिता जयपाल सिंह बुंदेला उम्र 18 वर्ष निवासी ग्राम नेगुवा ग्राम पंचायत पुरैना थाना गुनौर जिला पन्ना बताया । मोटरसाइकिल पर रखी बड़ी बोरी (झाल) में रखे सामान के बारे में पूछने पर आरोपी के द्वारा शराब होना बताया । उक्त शराब के संबंध में आरोपी के पास कोई वैध परमिट या लायसेंस नही मिला। उक्त झाल की विधिवत तलाशी और गणना की गई तो 340 नग (पाव) में भरी देशी शराब सादा कुल मात्रा 61.2 बल्क लीटर अनुमानित कीमत लगभग 25,500 रुपए और मोटर साइकिल की अनुमानित कीमत लगभग 75,000 रूपये पाई गई । उक्त आरोपी प्रिंस सिंह को 50 बल्क लीटर से अधिक शराब होने से मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34 (2) के अपराध में मौके से गिरफ्तार किया गया । आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसके साथ अवैध शराब के परिवहन में साथ में धीरेन्द्र सिंह पिता प्रेम सिंह, उम्र 28 वर्ष, निवासी महुआखेड़ा थाना सलेहा जिला पन्ना था, जो मौके से फरार हो गया । अवैध शराब के स्रोत की पूछताछ में (1)युवराज बुंदेला उर्फ मनी राजा उम्र 24 वर्ष, पिता गुल्लू बुंदेला ग्राम बुधेड़ा थाना अमानगंज जिला पन्ना एवं (2) भवन सिंह बुंदेला उर्फ विक्की राजा उम्र 27 वर्ष पिता नरेंद्र सिंह बुंदेला ग्राम मझियारी थाना गुन्नौर जिला पन्ना से लेना बताया । ये दोनों अलग अलग समय पर अलग अलग स्थानों पर अवैध शराब लाकर देते थे । इनके अलावा भी अन्य लोग भी शराब देने आते थे, जिनके नाम मैं नहीं जानता, लेकिन चेहरे से पहचानता हूँ । प्रकरण की विवेचना जारी है, प्रकरण और भी आरोपी हो सकते है । आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा हेतु पन्ना न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जिला जेल पन्ना भेजा गया । अवैध शराब के कारोबारियों द्वारा पुराने लोगों से शराब का परिवहन न करा कर नवयुवकों को भ्रमित कर लालच देकर करवाया जा रहा है । इस कार्यवाही में आबकारी उपनिरीक्षक मुकेश पाण्डेय, हरीश पाण्डेय, आबकारी आरक्षक कुलदीप जाटव, महिला आरक्षक स्मिता ठाकुर , सोनू कोरकू, नगर सैनिक मोतीलाल प्रजापति, फोटोलाल प्रजापति, वीरेंद्र यादव और जहान सिंह यादव शामिल रहे ।