आईएसबीटी के सामने फैब्रिकेशन फैक्ट्री के गोदाम में लगी आग, दो घंटे में पाया गया काबू,

भोपाल के इंटर स्टेट बस टर्मिनल (आईएसबीटी) के सामने स्थित एक फैब्रिकेशन फैक्ट्री के गोदाम में रविवार शाम अचानक आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 12 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।जानकारी के अनुसार, आईएसबीटी के सामने स्थित मेहता इंडस्ट्री में फैब्रिकेशन का काम किया जाता है। रविवार दोपहर लगभग 3:45 बजे फैक्ट्री के पिछले हिस्से में बने गोदाम में अचानक आग लग गई। गोदाम में लकड़ी का सामान और प्लाईवुड रखा हुआ था, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई और कुछ ही देर में उसने विकराल रूप ले लिया।घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम की दमकल गाड़ियां एक-एक कर मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के लिए गोदाम के पीछे की ओर बनी टिन की दीवार को तोड़ा गया, जिसके बाद अंदर फोम और पानी का छिड़काव कर आग बुझाने का काम शुरू किया गया। दमकल कर्मियों की लगातार कोशिशों के बाद करीब दो घंटे में आग पर नियंत्रण पाया जा सका।फैक्ट्री से सटी झुग्गी बस्ती के लोगों ने एहतियात के तौर पर अपने घरों का सामान बाहर निकाल लिया। प्रशासन ने भी आसपास के क्षेत्र को खाली कराकर सुरक्षा इंतजाम किए। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है।फैक्ट्री के एक कर्मचारी ने बताया कि यहां लोहे की जालियां और खिड़कियां बनाने का काम होता है। एक अलग गोदाम में प्लाईवुड रखा हुआ था, जहां से आग की शुरुआत हुई। आग की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।फायर ऑफिसर सौरभ पटेल ने बताया कि 12 दमकल वाहनों की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और अब स्थिति नियंत्रण में है। वहीं गोविंदपुरा थाना प्रभारी अवधेश सिंह तोमर ने बताया कि घटना के दौरान आसपास की झुग्गी बस्ती के लोगों को एहतियातन सुरक्षित स्थान पर भेजा गया था।फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं, ताकि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *