अमेरिका ने अटलांटिक महासागर में अपने रणनीतिक सामरिक बल का प्रदर्शन करते हुए ओहायो क्लास की बैलिस्टिक मिसाइल पनडुब्बी से चार ट्राइडेंट-II डी5 लाइफ एक्सटेंशन (D5LE) मिसाइलों का सफल परीक्षण किया। यह परीक्षण 17 से 21 सितम्बर के बीच फ्लोरिडा के पूर्वी तट से किया गया।अमेरिकी नौसेना के अनुसार, इन मिसाइलों में कोई वारहेड नहीं लगाया गया था, लेकिन हर मिसाइल एक साथ कई लक्ष्यों को भेदने और आठ तक परमाणु वारहेड ले जाने में सक्षम है। ट्राइडेंट-II की अनुमानित मारक क्षमता 7,456 मील (लगभग 12,000 किमी) से अधिक है।नौसेना की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, सभी मिसाइलें अटलांटिक महासागर के अलग-अलग हिस्सों में जाकर गिरीं। परीक्षण से पहले अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में नौवहन चेतावनी जारी की गई थी, जिसमें बताया गया था कि मिसाइलें दक्षिण-पश्चिम अफ्रीका तक पहुंच सकती हैं।अमेरिका का यह परीक्षण ऐसे समय में हुआ है जब चीन और रूस के साथ उसके रिश्तों में तनाव चरम पर है। हाल ही में चीन ने अपनी सैन्य परेड में आधुनिक हथियारों का प्रदर्शन किया था, वहीं रूस और अमेरिका के बीच यूक्रेन युद्ध को लेकर तनातनी जारी है।अमेरिकी नौसेना ने कहा कि यह परीक्षण नियमित सुरक्षा और विश्वसनीयता आकलन का हिस्सा है तथा इससे अमेरिका की सामरिक क्षमता और तैयारियों की पुष्टि होती है।