अतिवर्षा की स्थिति पर कलेक्टर्स रखें सतत निगरानी — मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव,

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार शाम समत्व भवन स्थित मुख्यमंत्री निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टर्स को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने जिलों में अतिवृष्टि की स्थिति पर सतत निगरानी बनाए रखें और समय रहते आपदा प्रबंधन की अग्रिम तैयारियां सुनिश्चित करें।मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिक वर्षा की स्थिति में नागरिकों की सुरक्षा और राहत हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं संवेदनशीलता और सजगता के साथ की जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि यदि किसी भी स्थान पर जलभराव, मकान क्षति या पशु हानि की घटनाएं होती हैं तो तुरंत प्रावधानों के अनुसार राहत पहुंचाई जाए। प्रशासनिक, पुलिस एवं राजस्व अमले को सतर्क रहने को कहा गया है, ताकि समय पर कार्रवाई हो सके और जनहानि को रोका जा सके।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह भी स्पष्ट किया कि सभी कलेक्टर्स इन कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर लें और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

श्रावण मास एवं आगामी पर्वों के लिए अग्रिम व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें

मुख्यमंत्री ने श्रावण मास को ध्यान में रखते हुए सभी जिलों में मंदिर परिसरों में सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए साफ-सफाई, पेयजल, सुरक्षा तथा यातायात की व्यवस्था सुदृढ़ की जाए।डॉ. यादव ने कहा कि आगामी पर्वों—रक्षाबंधन (9 अगस्त), बलराम जयंती (14 अगस्त), स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) और कृष्ण जन्माष्टमी (16 अगस्त) के दौरान जिला प्रशासन सभी आवश्यक व्यवस्थाएं अग्रिम रूप से सुनिश्चित करे, जिससे नागरिकों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *