अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता दिवस पर होगा “सहकारी युवा संवाद”,

अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता दिवस के अवसर पर दिनांक 5 जुलाई 2025, दिन शनिवार को प्रातः 10 बजे, राजधानी भोपाल स्थित समन्वय भवन में “सहकारी युवा संवाद” कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे एवं युवाओं से संवाद करेंगे।कार्यक्रम की अध्यक्षता सहकारिता मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग करेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत अपर मुख्य सचिव सहकारिता विभाग श्री अशोक वर्णवाल द्वारा स्वागत उद्बोधन से होगी।इस अवसर पर अतिथियों एवं युवाओं के मध्य “समावेशी एवं संवहनीय विकास में सहकारिता की भूमिका” विषय पर संवाद आयोजित होगा। कार्यक्रम के दौरान राज्य सहकारी संघ द्वारा क्रियान्वित भारत सरकार के हस्तशिल्प विभाग की CHCDS योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हस्तशिल्पकारों को टूलकिट का वितरण भी किया जाएगा।राज्य सहकारी संघ एवं अपेक्स बैंक ट्रेनिंग कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में विषय विशेषज्ञों द्वारा सहकारिता की अवधारणा एवं विकास, सहकारिताओं के प्रकार, सहकारिता की वैधानिक पृष्ठभूमि, स्वरोजगार की संभावनाएं तथा “सहकार से समृद्धि” योजना की जानकारी एवं प्रगति पर प्रकाश डाला जाएगा।

कार्यक्रम की शुरुआत सहकारी गीत के सामूहिक गायन से होगी। साथ ही, अतिथियों द्वारा सहकारी ध्वज फहराया जाएगा एवं सहकारिता पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया जाएगा।यह आयोजन प्रदेश के युवाओं को सहकारिता के माध्यम से विकास और रोजगार के नए आयामों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *